IPL 2020, KKR vs MI: पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को मिली करारी शिकस्त, मुंबई ने 49 रन से जीता मुकाबला

KKR vs MI: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 का पांचवां मुकाबला बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस मैच में कोलकाता को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

Kolkata Knight Riders vs Mumbai Indians LIVE Score IPL 2020
मुंबई इंडियंस ने दूसरे मैच में दर्ज की जीत (तस्वीर साभार- BCCI/IPL)) 
मुख्य बातें
  • मुंबई ने कोलकाता को 49 रन से हरा दिया
  • यह मैच अबु धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला गया
  • कोलकाता ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था

आईपीएल 2020 में पहला मैच गंवाने के बाद मुंबई इंडियंस जीत की राह पर लौट आई है। मुंबई ने अपने दूसरे मैच में बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 49 रन से मात दी। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 195 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बना सकी। कोलकाता के ओर से पैट कमिंस (33) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके अलावा कप्तान दिनेश कार्तिक ने 30 रन का योगदान दिया। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट, जेम्स पैटिंसन, जसप्रीत बुमराह और राहुल चाहर ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, कीरोन पोलार्ड ने एक विकेट हासिल किया। 

पढ़ें मैच का पूरा हाल: 

कोलकाता की ओर से अंतिम आउट होने वाले बल्लेबाज शिवम मावी रहे। उन्होंने 10 गेंदों में 9 रन बनाए। उन्होंने एक चौका भी लगाया। मावी को राहुल ने 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर स्टंप आउट कराया। 

- केकेआर को आठवां झटका पैट कमिंस के रूप में गिरा। कमिंस ने आखिर में ताबड़तोड़ रन जुटाने की कोशिश की। उन्होंने 12 गेंदों में 33 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 1 चौका और 4 छक्के लगाए। उन्हें जेम्स पैटिंसन ने 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर शिकार बनाया। वह छक्के मारने की फिराक में हार्दिक पांड्या को कैच थमा बैठे। उनका विकेट 141 के कुस स्कोर पर गिरा।

कोलकाता का सातवां विकेट निखिल नाईके के तौर पर गिरा। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर पवेलियन का राह दिखाई। वह उठाकर मारना चाहते थे लेकिन डीप मिडविकेट पर कैच आउट हो गए। उन्होंने 3 गेंदों में केवल 1 रन बनाया। उनका विकेट 103 के कुल स्कोर पर गिरा। 

जसप्रीत बुमार ने 16वें ओवर में कोलकाता को दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर आंद्र रसेस को आउट किया जबकि चौथी गेंद पर इयोन मॉर्गन को पवेलियन भेजा। रसेल जहां 11 गेंदों में 11 रन बनाकर बोल्ट हुए वहीं मॉर्गन 20 गेंदों में 16 रन विकेट के पीछे लपके गए। 16 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 102-6 था। 

- कार्तिक के आउट होने के बाद नितीश राणा भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। उन्हें कीरोन पोलार्ड ने 12वें ओवर की चौथी गेंद पर अपना शिकार बनाया। उन्होंने छक्का मारने की कोशिश में बाउंड्री के नजदीक हार्दिक पांड्या को कैच थमा दिया। उन्होंने 18 गेंदों में 2 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 24 रन बनाए। उनका विकेट 77 के कुल स्कोर पर गिरा। 

केकेआर को तीसरा झटका दिनेश कार्तिक के रूप में लगा। कार्तिक ने 23 गेंदों में 30 रन की पारी खेली। उन्होंने 5 चौके मारे। वह संभलकर बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन राहुल चाहर की गेंद पर चूक गए। उन्हें  चाहर ने 11वें ओवर की पहली गेंद पर एलबीडबल्यू आउट किया। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए नितीश राणा के साथ 46 रन की साझेदारी की। उनका विकेट 71 के कुल स्कोर पर गिरा।

कोलकाता का दूसरा विकेट सुनील नरेन के रूप में गिरा। वह अपने अंदाज के उलट नजर आए। उन्होंने 10 गेंदों में सिर्फ 9 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 1 छक्का जड़ा। नरेन को जेम्स पैटिंसन ने आउट किया। वह पैटिंसन की गेंद पर चूक गए और विकेट के पीछे क्विंटन डी कॉक को कैच थमा बैठे। उनका विकेट 25 के कुल स्कोर पर गिरा। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पारी का आगाज करने आए शुभम गिल सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 11 गेंदों में 1 चौके के जरिए 7 रन बनाए। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन भेजा। गिल बड़ा शॉट जमाने के चक्कर में कीरोन पोलार्ड को कैच थमा बैठे। 

- कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से लक्ष्य का पीछा करने के लिए शुभम गिल और सुनील नरेन आए हैं। मुंबई इंडियंस के लिए ट्रेंट बोल्ट ने गेंदबाजी की कमान संभाली।

- मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइड राइडर्स को जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य दिया है। मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट गंवाकर 195 रन का स्कोर खड़ा किया। मुंबई के लिए रोहित शर्मा (80) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 47 रन का योगदान दिया। कीरोन पोलार्ड 13 और क्रुणाल पांड्या 1 रन बनाकर नाबाद रहे। कोलकाता की ओर से शिवम मावी ने दो, आंद्रे रसेल और सुनीन नरेन ने एक-एक विकेट हासिल किया।  

मुंबई इंडियंस का पांचवां विकेट हार्दिक पांड्या के रूप में गिरा। उन्होंने 13 गेंदों में 2 चौकों और1 छक्के की मदद से 18 रन बनाए। वह तेजी से रन बनाए रहे थे। हालांकि, किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। पांड्या 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे। उनका विकेट 180 के कुल स्कोर पर गिरा।

-कोलकाता को चौथी सफलता रोहित शर्मा के तौर पर मिली। रोहित ने शानदार कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 54 गेंदों में 80 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौकों और 6 दमदार छक्के जड़े। लग रहा था कि रोहित शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन वह 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वह आउट हो गए। उन्हें शिवम मावी ने पैट कमिंस के हाथों लपकवाया। उनका विकेट 177 के कुल स्कोपर गिरा। उन्होंने पिछले मैच में सिर्फ 12 रन बनाए थे। 

मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका सौरभ तिवारी के रूप में लगा। उन्होंने 13 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 21 रन की पारी खेली। उन्हें सुनील नरेन ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह छक्के मारने के प्रयास में पैट कमिंस के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए रोहित शर्मा के साथ 49 रन जोड़े। उनका विकेट 147 के कुल स्कोर पर गिरा। सौरभ ने पिछले मैच में 42 रन बनाए थे। 

- सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया। उन्होंने फिफ्टी के दौरान 1 चौका और 4 छक्के जमाए। यह रोहित के आईपीएल करियर का 37वां अर्धशतक है। 

- मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज केकेआर के गेंदबाजों का डटकर सामने कर रहे हैं। मुंबई ने 68 गेंदों में अपना सैकड़ा पूरा कर लिया है। मुंबई को इस दौरान 4 रन अतिरिक्त के मिले।

- मुंबई का दूसरा विकेट सूर्यकुमार यादव के तौर पर गिरा। क्विंट डी कॉक के आउट होने के बाद क्रीज पर आए सूर्यकुमार ने शानदार पारी खेली। हालांकि, वह अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 28 गेंदों में 47 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 1 छक्का लगाया। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए रोहित शर्मा के साथ 90 रन की साझेदारी की। सूर्यकुमार अपनी फिफ्टी की ओर बढ़ रहे थे, मगर 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रन आउट हो गए। उनका विकेट 98 के कुल स्कोर पर गिरा। 

पहला विकेट जल्द गिरने के बावजूद रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने रनों की रफ्तार को थमने नहीं दिया। मुंबई की टीम शरुआती 6 ओवरों के पावर प्ले में 50 रन के पार पहुंच गई। इस दौरान रोहित और सूर्यकुमार ने दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी भी पूरी कर ली। 6 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 59/1 रन था।

मुंबई इंडियंस को पहला झटका क्विंटन डी कॉक के रूप में लगा। पिछले मैच में 33 रन की पारी खेलने वाले डी कॉक 3 गेंदों में महज 1 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें शिवम मावी ने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर पवेलियन भेजा। वह बड़ा शॉट मारने की फिराक में थे लेकिन मिडविकेट पर निखिल नाईक के हाथों लपके गए।

मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। मुंबई ने उन खिलाड़ियों को दोबारा मौका दिया है, जो चेन्नई के खिलाफ पहले मैच में खेले थे। वहीं, कोलकाता ने इयोन मॉर्गन, आंद्रे रसेल, पैट कमिंस और सुनील नरेन के रूप में चार विदेशी खिलाड़ी अपनी अंतिम एकादश में शामिल किए हैं।

- मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने भरोसा जताया है कि कोलकाता के खिलाफ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह लय में लौटेंगे। बुमराह चेन्नई के खिलाफ पहले मैच में चल नहीं सके थे। बोल्ट ने कहा कि बुमराह विश्वस्तरीय गेंदबाज है। पिछले कुछ दिन में उन्होंने लय हासिल करने की काफी कोशिश की। मुझे पूरा यकीन है कि केकेआर के विरुद्ध मैच में वह फॉर्म में होंगे।

- इन धुरंधरों पर हैं नजरें

कोलकाता की टीम अपने अभियान का आगाज जीत के साथ करना चाहेगी। दूसरी ओर, डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई एक बार फिर जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेगी। दोनों टीमों में बिग हिटर्स की कमी नहीं है। हार्दिक पांड्या पिछले मैच में कुछ देर के लिए अपने रंग में दिखे थे लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने दो शानदार छक्कों की बदौलत 14 रन बनाए थे। केकेआर को आंद्रे रसेल से एक बार फिर उम्मीदें होंगी। पिछले सीजन में इस धाकड़ खिलाड़ी ने 52 छक्के मारे थे। बता दें कि कोलकाता ने आईपीएल खिताब दो बार जीता है और मुंबई चार मर्तबा ट्रॉफी पर कब्जा जमा चुकी है। 

मुंबई इंडियंस का कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हमेशा पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के दरमियान अब तक टूर्नामेंट में 26 बार टक्कर हुई है, जिसमें मुंबई ने 20 बार मैच अपने नाम किया जबकि कोलकाता की टीम सिर्फ 6 मुकाबले ही जीतने में कामयाब रही। ऐसे में कोलकाता के लिए एक बार फिर मुंबई से पार पाना आसान नहीं होगा। अगर दोनों टीमों के बीच पिछले 9 मैचों के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो कोलकाता काफी पीछे है। कोलकाता ने मुंबई के विरुद्ध हुए 9 मैचों से महज एक में ही जीत हासिल की है। 

आईपीएल 2020 से पहले इन दोनों टीमों की टक्कर को लेकर काफी चर्चा पहले ही हो चुकी है। कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस की प्रतिद्वंद्विता काफी पुरानी और कड़ी रही है। दोनों के कप्तान भारतीय खिलाड़ी हैं और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को कोलकाता के खिलाफ खेलना पहले ही काफी पसंद आता रहा है। ऐसे में दोनों टीमों के खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने को बेताब हैं।

- ये है प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइट राइडर्स: दिनेश कार्तिक (कप्तान), शुभमन गिल, नितीश राणा, इयोन मॉर्गन, आंद्रे रसेल, निखिल नाईक, पैट कमिंस, कुलदीप यादव, संदीप वारियर, शिवम मावी और सुनील नरेन।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, सौरभ तिवारी, कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, कृणाल पांड्या, राहुल चाहर, जेम्स पैटिंसन, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर