IPL 2021, DC vs CSK, Pitch Report, Weather forecast: दिल्ली-चेन्नई मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल

Mumbai weather today 10th April, CSK vs DC pitch report, IPL 2021: आज आईपीएल में दिल्ली और चेन्नई की टक्कर होने जा रही है। जानिए कैसी होगी इस मैच के लिए पिच और वेन्यू का मौसम।

Wankhede Stadium Mumbai
वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • आईपीएल 2021 का दूसरा मुकाबला - चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स
  • वानखेड़े स्टेडियम में होगी दोनों टीमों की टक्कर
  • यादगार है भारत के लिए ये मैदान और पिच

आज (10 अप्रैल, शनिवार) आईपीएल 2021 के दूसरे मुकाबले में धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स और रिषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की भिड़ंत होगी। एक तरफ है आईपीएल इतिहास का सबसे पुराना कप्तान और दूसरा है सबसे युवा व सबसे नया कप्तान जिसको हाल ही में श्रेयस अय्यर के चोटिल होने पर टीम की कमान मिली है। ये दो विकेटकीपर-कप्तानों की जंग भी है, जो और कहीं नहीं बल्कि धोनी के पसंदीदा और भारत के ऐतिहासिक मैदान वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई) में खेला जाएगा।

मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम हमेशा से भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए खास रहा है लेकिन आईसीसी क्रिकेट विश्व 2011 के फाइनल में जीत के बाद वो सबसे खास बन गया। धोनी ही उस अंतिम पल के महानायक थे और आज वो आईपीएल 2021 का आगाज इसी मैदान से करने जा रहे हैं जो उनके लिए लकी साबित होता आया है। इस बार कोई भी टीम अपने घरेलू मैदान पर नहीं खेल रही है इसलिए हर टीम को न्यूट्रल वेन्यू की चुनौती का सामना करना होगा।

कैसी होगी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच?

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए ज्यादा फायदेमंद ट्रैक मानी गई है। इस मैच के शुरुआत में रिषभ पंत, पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, फाफ डु प्लेसिस जैसे बल्लेबाज यहां अच्छे रन बटोर सकते हैं। जबकि मध्यक्रम में भी धोनी जैसे बिग हिटर्स को फायदा मिल सकता है। जबकि गेंदबाजों में यहां तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा है, ऐसे में दोनों टीमें अपने सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों के साथ मैदान पर उतरना चाहेंगी।

इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के नाम दर्ज हैं जिन्होंने आईपीएल 2015 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 1 विकेट खोकर 235 रन बनाए थे। वहीं अगर सबसे छोटे स्कोर की बात की जाए तो वो कोलकाता नाइट राइडर्स के नाम दर्ज है जो आईपीएल के पहले सीजन (2008) में यहां पर मेजबान टीम के खिलाफ 67 रन पर सिमट गए थे।

कैसा होगा मुंबई के मौसम का हाल?

आईपीएल 2021 के दूसरे मैच में खिलाड़ियों को मुंबई में कैसा मौसम मिलने वाला है। यहां पर दिन गर्म रहेगा और काफी उमस भी रहना तय है। दिन में थोड़े बादल रहने की उम्मीद है लेकिन उससे उमस में कुछ फर्क नहीं पड़ने वाला और ना बारिश के आसार हैं। शनिवार को मुंबई का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड रहने की उम्मीद है। इससे इतना साफ है कि बेशक मुकाबला रात को लाइट्स में खेला जाना है (7.30 बजे) लेकिन फिर भी खिलाड़ियों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा, खासतौर पर गेंदबाजों के सामने गेंद को पकड़ने में मुश्किल आ सकती है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर