IPL 2021, MI vs PBKS, Pitch Report, Weather forecast: मुंबई-पंजाब मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम

23rd April, Chennai weather today, PBKS vs MI pitch report, IPL 2021: आज आईपीएल 2021 के 17वें मैच में चेन्नई के मैदान पर मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की टक्कर होगी। कैसी होगी चेन्नई की पिच और मौसम।

Chepauk Chennai Pitch
चेपॉक, चेन्नई पिच  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • आईपीएल 2021 का 17वां मुकाबला, 23 अप्रैल
  • पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस की टक्कर
  • चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा मैच

आईपीएल में आज की भिड़ंत पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच होगी। मुंबई इंडियंस की टीम ने अब तक खेले अपने चार मुकाबलों में 2 मैच जीते हैं और उतने ही गंवाए भी हैं। चार अंक लेकर रोहित शर्मा की अगुवाई वाली डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस अब अंक तालिका में चौथे पायदान पर है। वहीं दूसरी तरफ होगी पंजाब किंग्स जिसके पास खिलाड़ी तो एक से एक धुरंधर हैं लेकिन अब तक वे चार मैचों में सिर्फ एक मुकाबला जीत पाए हैं और अंक तालिका में सातवें स्थान पर हैं।

पंजाब और मुंबई के बीच होने वाला ये मुकाबला चेन्नई के मैदान पर होने जा रहा है जिससे मुंबई इंडियंस तो काफी अच्छे से वाकिफ है लेकिन पंजाब किंग्स के लिए अभी भी यहां के हालात थोड़े अलग नजर आ रहे हैं। पिछले मुकाबले में यहां सनराइजर्स हैदराबाद ने उनको सिर्फ 120 रन ही बनाने दिए थे और आसानी से मुकाबला जीत लिया था। अब केएल राहुल की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स को अपनी पिछले मैच की गलतियों से सीखते हुए एक बार फिर चेन्नई के मैदान पर उतरना है।

कैसी होगी चेन्नई की पिच और यहां पर पिछले स्कोर (Chennai Pitch Report)

जैसा कि देखा गया है कि चेन्नई के मैदान पर इतने बड़े स्कोर नहीं बने हैं जितने कि वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैचों में बने। यहां खेला गया आखिरी मुकाबला इसका गवाह है जिसमें पंजाब किंग्स की टीम सिर्फ 120 रन पर सिमट गई थी और उसे हैदराबाद के स्पिनर्स से लेकर तेज गेंदबाजों तक, किसी की धार समझ नहीं आ रही थी। पंजाब को एक बार फिर उसी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि चेन्नई की पिच पर मुबई इंडियंस राहुल चाहर और क्रुणाल पांड्या के स्पिन आक्रमण को सही समय पर आजमाने की तैयारी मेंं रहेगी। अब तक इस सीजन में यहां पर खेले 8 मैचों में 5 बार वो टीम जीती है जिसने पहले बल्लेबाजी की है। ये हैं इस मैदान पर इस सीजन के पिछले स्कोर..

- मुंबई इंडियंस VS रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर - 159/9, 160/8

- कोलकाता VS हैदराबाद - 187/6, 177/5

- मुंबई VS कोलकाता - 152, 142/7

- बैंगलोर VS हैदराबाद - 149/8, 143/9

- मुंबई VS हैदराबाद - 150/5, 137

- बैंगलोर VS कोलकाता - 204/4, 166/8

- दिल्ली VS मुंबई - 137/9, 138/4

- पंजाब VS हैदराबाद - 120, 121/1

आज कैसा होगा चेन्नई का मौसम (23 अप्रैल, शुक्रवार)

चेन्नई में अब धीरे-धीरे गर्मी बढ़ती दिख रही है। शुक्रवार को जब पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें शाम 7.30 बजे से यहां भिड़ेंगी तो उनको उमस का सामना जरूर करना होगा। आज उमस 64 प्रतिशत रह सकती है। आसमान में बादल रहेंगे लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। दिन काफी गर्म रहने वाला है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेंटीग्रेड रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड रहने की उम्मीद है। शाम को बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम के तेज गेंदबाजों को गेंद ग्रिप करने में थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर