2 गेंदों में 4 छक्के, 27 रनः जोफ्रा आर्चर के इस करिश्मे ने पूरी दुनिया को हैरत में डाला और पलटा मैच

Jofra Archer carnage: इंग्लैंड के धुआंधार कैरेबियाई ऑलराउंडर जोफ्रा आर्चर ने मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ऐसी पारी जिसे जल्दी भुलाया नहीं जा सकेगा।

Jofra Archer
जोफ्रा आर्चर।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • आईपीएल 2020, राजस्थान बनाम चेन्नई
  • शारजाह के मैदान पर जोफ्रा आर्चर का कहर
  • लुंगी नगिडी के अंतिम ओवर में एक के बाद एक अद्भुत चीजें

Jofra Archer 4 sixes: आईपीएल 2020 को अभी शुरू हुए सिर्फ चार मुकाबले ही हुए हैं लेकिन एक के बाद एक दिलचस्प चीजें होती जा रही हैं। मंगलवार को खेले गए चौथे मुकाबले में भी कई अद्भुत चीजें देखने को मिलीं। आमने-सामने थीं चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स। मैच में दोनों टीमों ने 200 का आंकड़ा छुआ लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स 16 रन से चूक गई। राजस्थान रॉयल्स ने पहले बैटिंग करते हुए 216 रन बनाए थे, लेकिन ये स्कोर ना खड़ा होता अगर अंतिम ओवर में जोफ्रा आर्चर ने अनोखी बल्लेबाजी ना की होती।

इंग्लैंड के कैरेबियाई ऑलराउंडर जोफ्रा आर्चर 19वें ओवर में तब पिच पर आए जब स्टीव स्मिथ आउट हो गए। इस पूरे ओवर में उन्हें सिर्फ एक गेंद मिली जिस पर उन्होंने एक रन लिया ताकि अगले ओवर में स्ट्राइक उनके पास रहे।

2 गेंदों में 4 छक्के, ये ओवर कभी नहीं भूल पाएंगे आप

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी ने 20वां ओवर करने की जिम्मेदारी लुंगी नगिडी को दी। इस तेज गेंदबाज से उनको बहुत उम्मीदें थीं लेकिन जोफ्रा आर्चर ने पहली 2 गेंदों पर 4 छक्के जड़ दिए। आप भी सोच रहे होंगे कि ऐसा कैसे मुमकिन हुआ होगा। तो चलिए हम आपको इस पूरे ओवर से रूबरू कराते हैं जिसमें सब कुछ मुमकिन दिख रहा था..

पहली गेंद - जोफ्रा आर्चर का बेहतरीन छक्का।

दूसरी गेंद - मिडविकेट दिशा में स्टेडियम की छत पर गेंद अटकाई, एक और शानदार छक्का।

तीसरी गेंद - इस बार नगिडी का पैर क्रीज के आगे पड़ा, नो-बॉल दी गई लेकिन जोफ्रा आर्चर ने इस पर भी छक्का जड़ दिया। ये गेंद फिर करनी होगी। आर्चर को फ्री-हिट भी मिलेगी।

तीसरी गेंद - एक और नो-बॉल...और आर्चर ने इस गेंद पर भी छक्का जड़ दिया। यानी लगातार चौथा छक्का। लेकिन अभी भी सिर्फ दो गेंदें ही हुई हैं। अंपायर ने फिर फ्री-हिट का इशारा किया। यानी अब तक दो लीगल गेंदों पर 4 छक्के और कुल 26 रन आ चुके हैं (नो-बॉल के रन मिलाकर)।

तीसरी गेंद - ये क्या, इस बार नगिडी ने वाइड बॉल फेंक दी। यानी दो गेंदों पर अब तक 27 रन आ चुके हैं। और फ्री-हिट अभी भी बरकरार है।

तीसरी गेंद - इस बार आखिरकार ठीक गेंद फेंकी जिस पर आर्चर कोई रन नहीं बना सके।

चौथी गेंद - इस चौथी गेंद पर आर्चर ने दौड़कर एक रन लिया।

पांचवीं गेंद - अब टॉम कुरन ने एक रन लिया।

छठी गेंद - पारी की अंतिम गेंद पर आर्चर ने 1 रन और लिया। यानी इस ओवर में आए 30 रन। ओवर से पहले स्कोर था 186 रन। ओवर खत्म होने के बाद टीम का स्कोर पहुंचा 216 रन तक।

सबसे महंगा 20वां ओवर, एक सीजन में दो बार

ये आईपीएल इतिहास में अब तक के सबसे महंगे 20वें ओवरों की फेहरिस्त में शामिल हो गया है। इससे पहले दो और मौके आए थे जब 20वें ओवर में 30 रन बने। अशोक डिंडा ने 2017 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 30 रन दिए थे, जबकि क्रिस जॉर्डन ने मौजूदा आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अंतिम ओवर में 30 रन लुटाए थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर