पूर्व दिग्गज कप्तान कपिल देव ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर कह दी बड़ी बात

Kapil Dev, MS Dhoni, IPL Career: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के करियर को लेकर पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने बड़ी बात कह दी है। धोनी ने अगले साल भी आईपीएल में खेलने के संकेत दिए हैं।

Kapil Dev and MS Dhoni
कपिल देव ने धोनी पर प्रतिक्रिया दी (BCC/IPL)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • महेंद्र सिंह धोनी को लेकर कपिल देव ने कही है बड़ी बात
  • पूर्व विश्व कप विजेता कपिल देव ने धोनी के करियर पर प्रतिक्रिया दी
  • धोनी ने अगले साल भी आईपीएल में खेलने के संकेत दिए हैं

नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने रविवार को आईपीएल 2020 में अपने अंतिम मैच से पहले दो शब्द कहे जो कि सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे- Definitely Not...यानी बिल्कुल नहीं। दरअसल, धोनी से पूछा गया था कि क्या ये उनका आईपीएल में आखिरी मैच होगा। तो उन्होंने साफ कर दिया कि ऐसा नहीं है और वो अगले साल भी खेलते दिखेंगे। इसको लेकर तमाम चर्चाएं शुरू हो गईं और पूर्व महान भारतीय कप्तान कपिल देव ने इसको लेकर बड़ी बात कह दी है।

भारत को उसका पहला विश्व कप जिताने वाले कपिल देव का मानना है कि अगर महेंद्र सिंह धोनी इस साल की तरह बिना मैच अभ्यास के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने का फैसला करते हैं तो उनके लिए अच्छा प्रदर्शन करना ‘असंभव’ होगा। आईपीएल में 11वीं बार खेल रही चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम इस बार पहली बार आईपीएल प्ले आफ में जगह बनाने में नाकाम रही और पिछले साल विश्व कप सेमीफाइनल के बाद पहली बार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेल रहे धोनी 14 मैचों में 116 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 200 रन ही बना सके जबकि इस दौरान उन्होंने कोई अर्धशतक भी नहीं जड़ा।

जितना खेलेंगे, उतना लय में रहेंगे

दिल का दौरा पड़ने के बाद हाल में एंजियोप्लास्टी कराने वाले कपिल चाहते हैं कि यह पूर्व भारतीय कप्तान अपनी फॉर्म वापस हासिल करने के लिए घरेलू टूर्नामेंटों में अधिक खेले। कपिल ने ‘एबीपी न्यूज’ से कहा, ‘‘अगर धोनी हर साल सिर्फ आईपीएल में खेलने का फैसला करते हैं तो उसके लिए अच्छा प्रदर्शन करना असंभव होगा। आयु के बारे में बात करना सही नहीं है लेकिन उसकी आयु (39 बरस) में वह जितना अधिक खेलेगा शरीर उतना ही लय में रहेगा।’’

आप देख सकते हैं कि क्या हुआ

कपिल ने आगे कहा, ‘‘अगर आप साल में 10 महीने क्रिकेट नहीं खेलोगे और अचानक आईपीएल खेलोगे तो आप देख सकते हो कि क्या होगा। इतना क्रिकेट खेलने पर किसी सत्र में उतार चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। क्रिस गेल जैसे खिलाड़ी के साथ भी ऐसा हुआ है।’’ कपिल का मानना है कि धोनी को इस सत्र में घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘उसे प्रथम श्रेणी क्रिकेट (घरेलू लिस्ट ए और टी20) में जाना चाहिए और वहां खेलना चाहिए।’’ धोनी ने लंबे समय से घरेलू क्रिकेट नहीं खेला है, अब देखना दिलचस्प होगा कि वो कपिल की सलाह मानते हैं या नहीं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर