केएल राहुल बने पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल में अनोखा शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी 

KL Rahul first Player to hit 100 Sixes for Punjab Kings: केएल राहुल ने शुक्रवार को केकेआर के खिलाफ मुकाबले के दौरान पंजाब किंग्स के लिए छ्क्कों का शतक पूरा कर लिया।वो ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी हैं

KL-rahul-Punjab-kings
केएल राहुल( साभार IPL) 
मुख्य बातें
  • केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के लिए पूरा किया छक्कों का शतक
  • वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले पंजाब किंग्स की टीम के पहले खिलाड़ी हैं
  • राहुल से पहले 12 खिलाड़ी एक टीम के लिए जड़ चुके हैं 100 या उससे ज्यादा छक्के

दुबई: कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शुक्रवार को कप्तान केएल राहुल 55 गेंद में 67 रन की पारी खेली और टीम की 5 विकेट से जीत में अहम योगदान दिया। राहुल ने अपनी इस पारी के दौरान 4     चौके और 2 छक्के जड़े। पारी की शुरुआत करने आए राहुल ने 43 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और पारी के अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर टीम को जीत के मुहाने पर पहुंचाकर आउट हुए। 

पंजाब किंग्स के लिए जड़े हैं सबसे ज्यादा छक्के 
मैन ऑफ द मैच चुने गए राहुल ने अपनी इस पारी के दौरान जैसे ही दूसरा छक्का जड़ा वो आईपीएल के 14 साल के इतिहास में पंजाब किंग्स के लिए 100 छक्के जड़ने यानी छक्कों का शतक पूरा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। 2008 से लेकर 2021 तक इस टीम के लिए कई धाकड़ खिलाड़ी खेले लेकिन कोई भी इस दौरान अपने छक्कों की संख्या को 100 तक नहीं पहुंचा पाया। 

पंजाब के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में केएल राहुल के बाद दूसरे पायदान पर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल हैं। संयोगवश गेल और राहुल दोनों ही साल 2018 में पंजाब किंग्स से जुड़े थे। इसस पहले दोनों विराट कोहली की आरसीबी के सदस्य थे। गेल ने आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए 92 छक्के जड़े हैं। 

एक टीम के लिए 100 छक्के जड़ने वाले 13वें बल्लेबाज 
आईपीएल में किसी एक टीम के लिए 100 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में जुड़ने वाला नया नाम केएल राहुल का है। उनसे पहले 12 खिलाड़ी ये कारनामा अलग-अलग टीमों के लिए कर चुके हैं। आरसीबी के लिए खेलते हुए तीन खिलाड़ियों क्रिस गेल, विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने ये उपलब्धि हासिल की है। वहीं पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स के लिए ये कारनामा किरोन पोलार्ड और हिटमैन रोहित शर्मा ने किया है। 

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सौ से ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों में थाला एमएस धोनी और चिन्नाथाला सुरेश रैना का नाम शुमार है। वहीं राजस्थान रॉयल्स के लिए ये उपलब्धि शेन वॉटसन और संजू सैमसन ने हासिल की है। केकेआर के लिए सौ से ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों में केवल आंद्रे रसेल का नाम शुमार है। वहीं हैदराबाद के लिए खेलते हुए छक्कों का शतक केवल डेविड वॉर्नर जड़ सके हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए छक्कों के शतकवीर रिषभ पंत हैं। 

आईपीएल 2021 में अबतक जड़े हैं सबसे ज्यादा छक्के 
छक्के के शतकवीरों के क्लब में शामिल होने वाले केएल राहुल ने आईपीएल 2021 में अबतक शानदार प्रदर्शन किया है। अब तक खेले 11 मैच में उन्होंने 54.33 के औसत और 130.74 के स्ट्राइकरेट से 489 रन बनाए हैं। जिसमें पांच अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। उनका मौजूदा सीजन में सर्वाधिक स्कोर नाबाद 91* रन रहा है। उन्होंने अब तक सीजन में कुल 20 छक्के जड़े हैं और सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में पहले पायदान पर हैं। वहीं सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप पर भी उनका कब्जा केकेआर के खिलाफ मुकाबले के बाद हो गया है। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर