एमएस धोनी ने टी20 में पूरा किया छक्कों का 'तिहरा शतक', विकेटकीपिंग में तोड़ा कार्तिक का रिकॉर्ड  

महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2020 में शनिवार को आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में 6 गेंद में 10 रन की पारी खेली लेकिन इस दौरान उन्होंने एक विशिष्ट उपलब्धि हासिल कर ली। और इससे पहले विकेट के पीछे कार्तिक को पछाड़ दिया।

MS Dhoni
एमएस धोनी( साभार IPL/BCCI) 
मुख्य बातें
  • एमएस धोनी ने शनिवार को टी20 क्रिकेट में छक्कों का तिहरा शतक पूरा कर लिया
  • धोनी आईपीएल में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले विकेटकीपर भी बन गए
  • 300 छक्के जड़ने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं एमएस धोनी

दुबई: एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स को भले ही विराट सेना के खिलाफ शनिवार को 37 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन धोनी के लिए आरसीबी के खिलाफ खेला गया यह मुकाबला कई बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों वाला रहा। फील्डिंग के दौरान वो विकेट के पीछे आईपीएल में सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले खिलाड़ी बन गए वहीं बल्लेबाजी के दौरान टी20 क्रिकेट में छक्कों का तिहरा शतक पूरा कर लिया। 

आरसीबी के खिलाफ मैच के दौरान विकेटकीपिंग करते हुए एमएस धोनी ने एबी डिविलियर्स और वॉशिंगटन सुंदर के कैच लपके। इसी के साथ ही वो केकेआर के कप्तान दिनेश कार्तिक को पछाड़कर आईपीएल में विकेट के पीछे सबसे ज्यादा कैच लेने वाले विकेटकीपर बन गए हैं। इस मैच  से पहले धोनी और कार्तिक 104-104 कैच के साथ बराबरी पर थे लेकिन जैसे ही धोनी ने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर एबी डिविलियर्स का कैच पकड़ा उन्होंने कार्तिक को इस मामले में पीछे छोड़ दिया। 

धोनी आईपीएल में विकेट के पीछे  सबसे ज्यादा शिकार करने के मामले में पहले ही सबसे आगे चल रहे हैं। उनके नाम कुल 145 शिकार( 106 कैच, 39 स्टंपिंग) और दिनेश कार्तिक के नाम 134 शिकार( 104 कैच, 30 स्टंपिंग) दर्ज है। दोनों के बीच कांटे का मुकाबला है। दोनों को जब भी मौका मिलता है वो एक दूसरे को पीछे छोड़ देते हैं। धोनी ने ये उपलब्धि आईपीएल में 197वा मैंच खेलते हुए हासिल की है। 

टी20 क्रिकेट में छक्कों का तिहरा शतक
एमएस धोनी टी20 क्रिकेट में छक्कों का तिहरा शतक पूरा युजवेंद्र चहल की गेंद पर मिड ऑन के ऊपर से गेंद को बाउंडी के पार पहुंचाकर पूरा कर लिया। धोनी ने ये उपलब्धि करियर का 324वां मैच खेलते हुए हासिल की। धोनी से पहले रोहित शर्मा(375), सुरेश रैना(311) ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। विराट कोहली भी 293 छक्को के साथ इस सूची में नाम दर्ज कराने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। धोनी इस सूची में नाम दर्ज कराने वाले दुनिया के 22वें बल्लेबाज हैं। सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में क्रिस गेल 978 छक्कों के साथ पहले पायदान पर हैं। 

धोनी ने इन 300 छक्कों में से 214 आईपीएल में जड़े हैं। आईपीएल में वो गेल(326) और एबी डिविलियर्स(219) के बाद सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे पायदान पर हैं। वहीं धोनी ने 52 छक्के अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में जड़े हैं। बाकी के 34 छक्के उन्होंने चैंपियंस लीग और अन्य घरेलू टी20 स्पर्धाओं में जड़े हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर