किरोन पोलार्ड के दम पर MI ने IPL में रचा इतिहास, लक्ष्‍य का पीछा करने के मामले में बनाया नया रिकॉर्ड

Mumbai Indians vs Chennai Super Kings: मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को आईपीएल 2021 के 27वें मैच में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के खिलाफ इतिहास रच दिया। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में अपना सबसे बड़े लक्ष्‍य का सफल पीछा किया।

kieron pollard match winner of mumbai indians
मुंबई इंडियंस के मैच विनर किरोन पोलार्ड 
मुख्य बातें
  • किरोन पोलार्ड (87*) के दम पर मुंबई इंडियंस ने रचा इतिहास
  • मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में अपने सबसे बड़े लक्ष्‍य का सफल पीछा किया
  • मुंबई इंडियंस आईपीएल में सबसे बड़े लक्ष्‍य का पीछा करने वाली दूसरी टीम बन गई है

नई दिल्‍ली: 8 छक्‍के, 4 चौके और नाबाद 87 रन। मुंबई इंडियंस के अनुभवी ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड ने शुक्रवार को आईपीएल 2021 के 27वें मैच में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के खिलाफ तहलका मचा दिया। अरुण जेटली स्‍टेडियम में पोलार्ड ने 255.88 के स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेबाजी की और मुंबई इंडियंस को 4 विकेट की यादगार जीत दिलाई। मुंबई इंडियंस ने इस जीत के साथ ही इतिहास रच दिया। आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने अपने इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्‍य का पीछा किया। वहीं आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस सबसे बड़े लक्ष्‍य का सफल पीछा करने वाली दूसरी टीम बन गई है।

चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने पहले बल्‍लेबाजी की और 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए। इसके बाद किरोन पोलार्ड ने 'वन मैन शो' का प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर 4 विकेट की यादगार जीत दिलाई। मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया। इसी के साथ मुंबई ने चेन्‍नई के लगातार पांच मैच जीतने के विजयी रथ को भी रोक दिया।

राजस्‍थान रॉयल्‍स के नाम है ये रिकॉर्ड

आईपीएल इतिहास में सबसे बड़े लक्ष्‍य का पीछा करने का रिकॉर्ड राजस्‍थान रॉयल्‍स के नाम दर्ज है। राजस्‍थान रॉयल्‍स ने आईपीएल 2021 में किंग्‍स इलेवन पंजाब के खिलाफ 223 रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा करते हुए 226/6 रन बनाए थे। अब मुंबई इंडियंस दूसरे स्‍थान पर पहुंच गई है, जिसने चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के खिलाफ 219 रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा किया।

वहीं आईपीएल इतिहास में सबसे बड़े लक्ष्‍य का सफल पीछा करने के मामले में तीसरे स्‍थान पर भी राजस्‍थान रॉयल्‍स काबिज है। राजस्‍थान ने साल 2008 में डेक्‍कन चार्जर्स के खिलाफ 215 रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा किया था। दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स (अब दिल्‍ली कैपिटल्‍स) की टीम इस लिस्‍ट में चौथे स्‍थान पर काबिज है। दिल्‍ली ने 2017 में गुजरात लायंस के खिलाफ 209 रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा किया था। किंग्‍स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्‍स) इस लिस्‍ट में पांचवें स्‍थान पर काबिज है। 2014 में किंग्‍स इलेवन पंजाब ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 206 रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा किया था।

मुंबई इंडियंस की तरफ से किरोन पोलार्ड का एकतरफा प्रदर्शन रहा। जहां बल्‍लेबाजी में उन्‍होंने नाबाद 87 रन की तूफानी पारी खेली और मौजूदा सीजन का सबसे तेज अर्धशतक जमाया। वहीं गेंदबाजी में भी उन्‍होंने कमाल दिखाते हुए दो ओवर में 12 रन देकर दो विकेट चटकाए थे। कई फैंस ने ट्विटर पर कहा कि  पोलार्ड ने सीएसके के खिलाफ दमदार पारी खेलकर अंबाती रायुडू की पारी को भुला दिया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर