IPL 2022: मुंबई इंडियंस को लगा जोरदार झटका, सूर्यकुमार यादव हुए बाहर

Suryakumar Yadav out of Mumbai Indians first fixture: मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2022 में अपना पहला मैच दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ खेलना है। इस मुकाबले में फ्रेंचाइजी को अपने प्रमुख बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव की सेवाएं नहीं मिलेंगी।

suryakumar yadav
सूर्यकुमार यादव 
मुख्य बातें
  • सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के पहले मैच से बाहर रहेंगे
  • मुंबई इंडियंस को अपना पहला मैच दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ खेलना है
  • सूर्यकुमार यादव इस समय एनसीए में रिहैब से गुजर रहे हैं

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 का आगाज होने में कम ही समय बचा है, लेकिन पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को तगड़ा झटका लगा है। सूर्यकुमार यादव की चोट मुंबई इंडियंस का सिरदर्द बनी हुई है। खबर है कि मिडिल ऑर्डर के बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के पहले मैच तक फिट नहीं हो पाएंगे। मुंबई इंडियंस को अपना पहला मुकाबला दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ 27 मार्च को खेलना है। सूर्या के अंगूठे में हेयरलाइन फ्रेक्‍चर है, जिससे वह पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने अपना नाम सामने नहीं आने की शर्त पर पीटीआई को बताया, 'सूर्या इस समय एनसीए में रिहैब कर रहे हैं। वह ठीक होने की राह पर हैं, लेकिन ऐसी संभावना है कि पहले मैच में वो नहीं हिस्‍सा ले पाएंगे। यह भी संभावना है कि बोर्ड की मेडिकल टीम उन्‍हें पहले मैच में जोखिम नहीं उठाने की सलाह दे।' सूर्यकुमार यादव पिछले चार साल से मुंबई इंडियंस का अहम हिस्‍सा बने हुए हैं। 

फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2022 नीलामी से पहले उन्‍हें तीसरे खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया। सूर्यकुमार को हार्दिक पांड्या और इशान किशन पर तरजीह दी गई। किशन को फ्रेंचाइजी ने नीलामी में दोबारा खरीदा। मगर हार्दिक पांड्या आगामी आईपीएल में गुजरात टाइटंस के कप्‍तान के रूप में खेलते हुए नजर आएंगे। बिना सूर्यकुमार यादव के एक मैच भी खेलना मुंबई के लिए आसान नहीं क्‍योंकि पिछले सीजन में उसके पास ऐसे खिलाड़ी नहीं, जिन पर वो भरोसा कर सके।

बीसीसीआई सूत्र के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के दूसरे मैच तक फिट हो जाएंगे। सूत्र ने कहा, 'मेरे ख्‍याल से मुंबई इंडियंस के दूसरे मैच तक वो 100 प्रतिशत तक फिट हो जाएगा। अगर सूर्या पहला मैच नहीं खेलता तो ऐसा एहतियात बरतने के लिए किया जाएगा।' ध्‍यान हो कि सूर्यकुमार यादव को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में प्‍लेयर ऑफ द सीरीज से सम्‍मानित किया गया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर