करीबी अंतर से जीतने में माहिर है मुंबई इंडियंस, आईपीएल में बनाया खास रिकॉर्ड

मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल 2022 में शुक्रवार को खेले गए मैच में गुजरात टाइटन्स को 5 रन के करीबी अंतर से मात देकर अपने नाम एक खास रिकॉर्ड कर लिया। 

Rohit-Sharma-Mumbai-Indians-captain
गुजरात के खिलाफ जीत के बाद खुशी जताते मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा( साभार IPL) 
मुख्य बातें
  • मुंबई इंडियन्स बनी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार 5 से उससे कम रन से जीत हासिल करने वाली टीम
  • शुक्रवार को गुजरात टाइटन्स को दी 5 रन के अंतर से मात
  • इससे पहले पंजाब किंग्स के साथ साझा रूप से टॉप पर थी मुंबई इंडियन्स

मुंबई: आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियन्स का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। अब तक खेले 10 मैत में से वो केवल 2 में जीत हासिल कर सकी है। मुंबई को सीजन के शुरुआती 8 मैच में लगातार हार का मुंह देखना पड़ा था। शुक्रवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आखिरी गेंद में 5 रन के अंतर से जीत दर्ज करके मुंबई वापस लय हासिल करती दिख रही है। गुजरात के खिलाफ महज 5 रन के अंतर से जीत दर्ज करते ही मुंबई ने अपना नाम आईपीएल की रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया। 

आखिरी ओवर में नहीं बनाने दिए गुजरात को 9 रन
गुजरात टाइटन्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 177 रन का स्कोर खड़ा किया। 177 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए मुंबई ने गुजरात को 20 ओवर में 5 विकेट पर 172 रन के स्कोर पर रोक दिया। अंतिम ओवर में जीत के लिए 6 गेंद में गुजरात को 9 रन बनाने थे लेकिन डेनियल सैम्स ने शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए गुजरात को केवल 3 रन बनाने दिए और 5 रन के अंतर से मुंबई को जीत दिला दी। 

रिकॉर्ड 8वीं बार दर्ज की पांच या उससे कम रन से जीत
इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियन्स ने यह साबित कर दिया कि वो करीबी अंतर से मैच जीतने में माहिर है। वो पंजाब किंग्स को पछाड़कर आईपीएल में 5 या उससे कम रन के अंतर से सबसे ज्यादा बार जीत हासिल करने वाली टीम बन गई है। मुंबई ने शुक्रवार को आठवीं बार इतने करीबी अंतर से जीत हासिल की। जबकि पंजाब किंग्स ने 7 बार ये कारनामा किया है। 

चेन्नई को 1 रन से मात देकर जीता था खिताब
इस सूची में तीसरे स्थान पर साझा रूप से सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें हैं जिन्होंने 6-6 बार पांच या उससे कम रन के अंतर से आईपीएल में जीत हासिल की है। वहीं चौथे पायदान पर चेन्नई सुपर किंग्स है जिसने पांच बार पांच या उससे कम रन के अंतर से विरोधी टीम को पटखनी दी है। मुंबई ने तो इसी अंदाज में आईपीएल 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स को 1 रन के अंतर से मात देकर चौथी बार खिताबी जीत हासिल की थी। लसिथ मलिंगा ने उस खिताबी मुकाबले में ये कमाल किया था।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर