[VIDEO]: रोहित शर्मा 'ब्रिगेड' ग्राउंड पर लौटी, जसप्रीत बुमराह सहित खिलाड़‍ियों ने जमकर बहाया पसीना

Mumbai Indians: रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह सहित मुंबई इंडियंस के अन्‍य खिलाड़‍ियों ने शनिवार को यूएई में पहले अभ्‍यास सत्र में हिस्‍सा लिया। मुंबई ने चार बार आईपीएल खिताब जीता है।

jasprit bumrah and rohit sharma
जसप्रीत बुमराह और रोहित शर्मा 
मुख्य बातें
  • मुंबई इंडियंस ने शनिवार को यूएई में पहले अभ्‍यास सत्र में हिस्‍सा लिया
  • रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और अन्‍य खिलाड़ी एक्‍शन में नजर आए
  • मुंबई इंडियंस ने अपना क्‍वारंटीन समय पूरा करने के बाद मैदान में अभ्‍यास शुरू किया

अबुधाबी: मुंबई इंडियंस के जांबाज मैदान पर लौट आए हैं। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस ने शनिवार को क्‍वारंटीन समय पूरा करने के बाद पहली बार अभ्‍यास सत्र में हिस्‍सा लिया। मुंबई इंडियंस अबुधाबी में रुकी है और उनकी पहली ट्रेनिंग शेख जायेद क्रिकेट स्‍टेडियम में हुई। रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और मुंबई इंडियंस के अन्‍य खिलाड़ी प्रैक्टिस सेशन के दौरान एक्‍शन में नजर आए।

मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें खिलाड़ी होटल से बाहर निकलते समय चेहरे पर मास्‍क लगाए हुए दिखे। खिलाड़‍ियों ने ट्रेनिंग सेशन से पहले स्‍टेडियम में दाखिल होते ही सैनिटाइजर से अपने हाथ साफ किए। खिलाड़‍ियों ने वॉर्म-अप किया और हेड कोच महेला जयवर्धने व बल्‍लेबाजी कोच रॉबिन सिंह की उपस्थिति में नेट सेशन किया।

रोहित शर्मा अभ्‍यास करके खुश

मुंबई इंडियंस के कप्‍तान रोहित शर्मा ने कहा कि यूएई में क्‍वारंटीन पूरा करने के बाद मैदान पर लौटकर अच्‍छा लग रहा है। उन्‍होंने कहा कि 19 सितंबर से शुरू होने जा रहे आईपीएल 2020 से पहले खिलाड़‍ियों का स्थिति के मुताबिक खुद को ढालना महत्‍वपूर्ण है। मुंबई इंडियंस द्वारा शेयर किए वीडियो में कप्‍तान रोहित शर्मा ने कहा, 'मैदान पर लौटने के बाद बहुत अच्‍छा महसूस हो रहा है। यहां भले ही एक घंटे को अभ्‍यास करने को मिला, लेकिन हमें अच्‍छा लग रहा है। यहां काफी गर्मी है। इसलिए जरूरी है कि परिस्थिति के मुताबिक खुद को ढाले और यहां की पिच का रवैया समझे। तो पहले कुछ दिन यहां के अच्‍छे रहने वाले हैं।'

जसप्रीत बुमराह लंबे ब्रेक के बाद गेंदबाजी एक्‍शन में नजर आए। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज से आगामी आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन की उम्‍मीद की जा रही है। मुंबई इंडियंस के प्रमुख बल्‍लेबाजों में से एक सूर्यकुमार यादव ने कहा कि ट्रेनिंग पर लौटकर अच्‍छा महसूस हो रहा है और उन्‍हें जिस चीज से सबसे ज्‍यादा प्‍यार है, वो करने को मिल रहा है। यादव ने कहा, 'मैदान पर लौटकर जो हमारा प्‍यार है, वो करने को मिल रहा है, उससे काफी खुशी है। हम बहुत उत्‍साहित थे और ट्रेनिंग काफी अच्‍छी हुई।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर