IPL 2021: 'सिक्सर किंग' रोहित शर्मा ने किया जबरदस्त कमाल, तोड़ डाला एमएस धोनी का ये बड़ा रिकॉर्ड

Rohit Sharma sixes in IPL: रोहित शर्मा ने आईपीएल में जबरदस्त कमाल किया है। रोहित 'सिक्सर किंग' बन गए हैं और उन्होंने एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ डाला है।

Rohit Sharma
रोहित शर्मा (तस्वीर साभार- आईपीएल) 

चेन्नई: मुंबई इंडियंस शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के 9वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उतरी। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और अच्छी शुरुआत की। कप्तान रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक ने पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। रोहित ने 25 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौकों और 2 छक्कों के दम पर 32 रन की पारी खेली। रोहित भले ही अर्धशतक जमाने से चूक गए हों, लेकिन उन्होंने इस दौरान जबरदस्त कमाल कर डाला और एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 

सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज 

'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा आईपीएल में 'सिक्सर किंग' बन गए हैं। वह लीग में सबसे अधिक छक्के मारने वाले भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं। रोहित ने हैदराबाद के खिलाफ चौथे ओवर में मुजीब उर रहमान की 5वीं गेंद पर छक्का मारते हुए यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़ दिया है। रोहित के जहां आईपीएल अब 217 छक्के हो गए हैं वहीं, धोनी के नाम 216 छक्के हैं। टूर्नामेंट में सबसे अधिक छक्के लगाने वालों की फेहरिस्त में रोहिततीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे अधिक क्रिस गेल (351) और एबी डिविलियर्स (237) ने छक्के उड़ाए हैं, जोकि विदेशी खिलाड़ी हैं। 

रोहित ने बतौर कप्तान यह कारनामा भी किया

रोहित शर्मा ने ना सिर्फ मैच में एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा बल्कि एक अहम कारनामा भी अंजाम दिया। रोहित ने बतौर कप्तान आईपीएल में चार हजार पूरे कर लिए हैं। उन्हें मुकाबले से पहले भी चार हजारा का आंकड़ा छूने के लिए 28 रन की दरकार थी। रोहित ने तेजी से बल्लेबाजी की और छठे ओवर की दूसरी गेंद पर यह मुकाबला हासिल कर लिया। हालांकि, इसके कुछ देर बाद ही रोहित पवेलियन लौट गए। उन्हे सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर विजय शंकर ने अपना शिकार बनाया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर