IPL 2022: सातवें आसमान पर 'SKY', लेकिन नहीं दिला पा रहे मुंबई को जीत 

Surya Kumar Yadav's Second Fifty in IPL 2022: सूर्यकुमार यादव ने लगातार दूसरा आतिशी अर्धशतक जड़कर यह बता दिया है कि मुंबई इंडियन्स ने क्यों उन्हें रीटेन करने का फैसला किया था। लेकिन मुंबई की जीत के लिए उनका प्रयास नाकाफी रहा है। 

Surya-Kumar-Yadav
अर्धशतक जड़ने के बाद दर्शकों का अभिवादन करते सूर्यकुमार यादव( साभार IPL) 
मुख्य बातें
  • आरसीबी के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने खेली 37 गेंद में नाबाद 68 रन की पारी
  • इस दौरान SKY ने जड़े पांच चौके और 6 गगनचुंबी छक्के, उनादकट के साथ की 72* रन की साझेदारी
  • आईपीएल 2022 में सूर्या ने जड़ा लगातार दूसरा और आईपीएल में लगातार तीसरा अर्धशतक

मुंबई: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियन्स के लिए आईपीएल 2022 में अगर कुछ अच्छा हुआ है तो वह है सूर्यकुमार यादव की चोट से उबरकर वापसी और उनकी आतिशी बल्लेबाजी। सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में महज 37 गेंद में 68 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 151 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इस पारी के दौरान सूर्यकुमार ने 5 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के जड़े। 

32 गेंद में पूरा किया अर्धशतक 
सूर्यकुमार यादव इस धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी न करते तो मुंबई की टीम आरसीबी के सामने चुनौती भी पेश नहीं कर पाती। सूर्यकुमार 37 गेंद में नाबाद 68 रन की आतिशी पारी के दम पर मुंबई इंडियन्स ने आरसीबी के खिलाफ बीच के ओवरों में लड़खड़ाने के बाद 6 विकेट पर 151 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। सूर्यकुमार ने 32 गेंद में आईपीएल में अपना 15वां अर्धशतक 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से पूरा किया। 

उनादकट के साथ की 72 रन की नाबाद साझेदारी
सूर्यकुमार ने अपनी पारी के दौरान जमकर चौके छक्के जड़े। उन्होंने इस दौरान मोहम्मद सिराज के खिलाफ खूब रन बटोरे, जिन्होंने अपने चार ओवर के कोटे में बगैर किसी सफलता के 51 रन लुटाए। मुंबई की टीम 13.2 ओवर में 79 के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे और खराब स्थिति में थी। ऐसे में सूर्यकुमार यादव ने जयदेव उनादकट (नाबाद 13) के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 41 गेंद में 72 रन की अटूट साझेदारी की और टीम को 150 रन के पार पहुंचाया। इस साझेदारी में सूर्यकुमार ने 56 (27) रन का योगदान दिया। 

जड़ा सीजन का दूसरा और लगातार तीसरा अर्धशतक
सूर्यकुमार यादव ने चोट से उबरकर वापसी करने के बाद लगातार दूसरा अर्धशतक आईपीएल 2022 में जड़ा है। पिछले मैच नें उन्होंने 36 गेंद में 52 रन की पारी कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेली थी। साल 2021 में सूर्यकुमार यादव ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले लीग दौर के आखिरी मुकाबले में 40 गेंद पर 82 रन की आतिशी पारी खेली थी। ऐसे में उनकी शनिवार को आईपीएल में अर्धशतकों की हैट्रिक भी पूरी हो गई। वो ऐसा करने वाले मुंबई के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर और ईशान किशन ऐसा कर चुके हैं।

पांच सीजन में जड़े हैं मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
साल 2018 के बाद मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो तब से लेकर अबतक मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 50 रन से ज्यादा की 14 पारी सूर्यकुमार यादव ने खेली है। उसके बाद दूसरे पायदान पर 10 पारियों के क्विंटन डिकॉक हैं। इस सूची में 50 रन से ज्यादा की 10 पारियों के साथ ईशान किशन साझा रूप से दूसरे और रोहित शर्मा 8 पारी के साथ तीसरे पायदान पर हैं। 

8 करोड़ में मुंबई ने किया था सूर्या को रीटेन
सूर्यकुमार यादव को मुंबई इंडियन्स ने 8 करोड़ रुपये की मोटी कीमत खर्च करके रीटेन किया था। मुंबई के पास हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार में से किसी एक को रोक पाने का विकल्प था ऐसे में मुंबई ने सूर्या पर दांव खेला। टीम मैनेजमेंट का यह फैसला सही साबित हो रहा है। SKY(स्काई) आसमान से रनों की बारिश करा रहे हैं लेकिन उनके बल्ले से निकले रन टीम को विजयपथ पर लौटा पाने के लिए अपर्याप्त साबित हो रहे हैं। ऐसे में मुंबई इंडियन्स के प्रशसकों को उनसे बहुत आशाएं हैं।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर