Happy Birthday Virat: विश्व क्रिकेट में जो कारनामा सचिन नहीं कर पाए, वो विराट अगले जन्मदिन से पहले कर दिखाएंगे

Virat Kohli Birthday: विराट कोली विश्व क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। कोहली अब एक ऐसा कारनामा अंजाम देने के करीब पहुंच गए हैं, जो कोई नहीं कर पाया है।

Virat Kohli Birthday
विराट कोहली (फाइल फोटो)  |  तस्वीर साभार: AP

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली आज अपना 32वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 5 नवंबर, 1988 को दिल्ली में हुआ था। कोहली 12 साल के अपने क्रिकेट करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। इस वक्त वह शोहरत की जिस बुलंदी पर हैं, वहां तक चुनिंदा क्रिकेटर ही पहुंच पाते हैं। उन्होंने अगस्त, 2008 में अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था और वह लगातार खुद को साबित करने में कामयाब रहे हैं। 'रन मशीन' के नाम से मशहूर कोहली अब विश्व क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने के करीब है। यह वो कारनामा है, जिसे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी अंजाम नहीं दे पाए।

अगले बर्थडे से पहले बना सकते हैं ये रिकॉर्ड

सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में 100 अंतरराष्ट्रीय शतक जमाए हैं। उन्होंने 51 टेस्ट और 49 वनडे शतक लगाए। सचिन टेस्ट और वनडे में सर्वाधिक शतक बनाने वाले खिलाड़ी हैं। हालांकि, कोहली भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज का वनडे शतक का रिकॉर्ड तोड़ने के नजदीक पहुंच गए हैं। सचिन के बाद कोहली ही वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं।

भारतीय कप्तान जिस लय में बल्लेबाजी करते हैं और शतक लगाते हैं, वो ये उपलब्धि अपने अगले जन्मदिन से पहले हासिल कर सकते हैं। फिलहाल कोहली के नाम 43 वनडे शतक दर्ज हैं और उन्हें सिर्फ 7 शतक की दरकार है। अगर कोहली ऐसा करने में सफल हो जाते हैं तो 50 वनडे शतक तक जड़ने वाले पहले क्रिकेटर बन जाएंगे।वह साल 2018 में 6 वनडे शतक जड़ चुके हैं। 

पहले भी तोड़ा था सचिन का ये बड़ा रिकॉर्ड

'रन मशीन' कोहली पहले भी सचिन का एक दमदार रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। उन्होंने सचिन को पछाड़ते हुए सबसे तेज गति से वनडे में 10 हजार रन पूरे करने का विश्व रिकॉर्ड कायम किया था। कोहली ने जहां 213वें वनडे की 205वीं पारी में ये कारनामा किया वहीं सचिन ने 259 पारियों में 10 हजार रन बनाए थे। कोहली सबसे कम गेंदों का सामना करते हुए 10 हजार बनाने के मामले में भी टॉप पर हैं। उन्होंने 10813 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था। 
 

वनडे कप्तान के तौर पर सबसे अधिक शतक

आने वाले समय में कोहली के पास वनडे में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने के अलावा एक और कीर्तिमान हासिल करने का मौका होगा। वह वनडे कप्तान के तौर पर सबसे अधिक शतक जड़ने के मामले में भी बड़ा रिकॉर्ड बनाने की कगार पर हैं। बता दें कि बतौर वनडे कप्तान ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग ने सबसे ज्यादा 22 शतक बनाए हैं। कोहली को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए महज 2 शतक की जरूरत है। उन्होंने कप्तान के रूप में अभी तक 21 शतक जड़े हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर