विराट कोहली ने की सीएसके के गेंदबाजों की धुनाई, अपने नाम की एक और बड़ी उपलब्धि 

विराट कोहली ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले के खिलाफ धुआंधार पारी के दौरान आरसीबी के लिए खेलते हुए एक और बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर ली।

Virat kohli 6000
विराट कोहली( साभार IPL/BCCI) 
मुख्य बातें
  • टी20 में किसी एक टीम के लिए 6 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने विराट कोहली
  • सीएसके के खिलाफ मैच के दौरान हासिल की ये विशिष्ट उपलब्धि
  • आईपीएल में आरसीबी के लिए 5634 रन बना चुके हैं विराट

दुबई: विराट कोहली ने शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। एरोन फिंच के आउट होने के बाद तीसरे ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे विराट कोहली 52 गेंद में 90 बनाकर नाबाद रहे। इस पारी के दौरान उन्होंने चार चौके और चार छक्के जड़े। 

आरसीबी के लिए पूरे किए 6 हजार रन
अपनी इस पारी के दौरान विराट ने जैसे ही 31वां रन पूरा किया उन्होंने आरसीबी के लिए टी20 क्रिकेट में उन्होंने 6 हजार रन भी पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं। हाल ही में विराट ने आईपीएल में 5500 रन के आंकड़े को भी पार किया था और टी20 क्रिकेट में 9 हजार रन पूरे करने वाले पहले भारतीय भी बने थे। ऐसे में विराट की ये उपलब्धि भी अपने आप में विशिष्ट है। 

चैंपियंस लीग में बनाए थे 424 रन
विराट ने आरसीबी के लिए आईपीएल के अलावा चैंपियंस लीग में खेले 15 मैच की 14 पारियों में 424 रन बनाए हैं। वहीं आईपीएल में उन्होंने 183 मैच में 5634 रन बनाए हैं। यानी विराट के नाम आरसीबी के लिए 198 मैच में 6059 रन बना चुके हैं। 

विराट कोहली के बाद एक टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सुरेश रैना 5369 रन के साथ दूसरे पायदान पर हैं। ऐसा करने वाले पांच खिलाड़ियों की सूची में ल्यूक राइट के रूप में एक विदेशी खिलाड़ी का नाम है जिन्होंने ससेक्स के लिए खेलते हुए 4517 रन बनाए हैं। 

टी20 में एक टीम के लिए सबसे ज्यादा रन 
6059     विराट कोहली( आरसीबी)
5369     सुरेश रैना( सीएसके) 
4517     ल्युक राइट(ससेक्स)
4409     एमएस धोनी (सीएसके) 
4212     रोहित शर्मा(मुंबई इंडियन्स)
 

आखिरी ओवरों में सीएसके के छुड़ाए छक्के
विराट ने शनिवार को बल्लेबाजी की शुरुआत सधे हुए अंदाज में की। पहली 38 गेंद में विराट ने 49 रन बनाए लेकिन जैसे जैसे मैच अंतिम ओवरों की तरफ बढ़ा विराट के रन बनाने की रफ्तार भी बढ़ गई। बगैर जोखिम उठाए विराट ने अगली 14 गेंद में 41 रन 292.86 के स्ट्राइक रेट से बनाए। विराट ने 39 गेंद में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया था। इसके बाद अगली 13 गेंद में उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के जड़े। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर