Mumbai: मुंबई में 6 साल के लड़के का पब्लिक टॉयलेट में यौन शोषण, विरोध करने पर गाल काटा

क्राइम
Updated Dec 04, 2019 | 19:10 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai crime: मुंबई में एक पब्लिक टॉयलेट में 6 साल के बच्चे का एक शख्स ने यौन शोषण किया है। बच्चा इससे सदमें में है। आरोपी का अभी पता नहीं चल पाया है।

sexual abuse
प्रतीकात्मक तस्वीर  |  तस्वीर साभार: BCCL

नई दिल्ली: मुंबई के एक सार्वजनिक शौचालय में सोमवार दोपहर एक 6 साल के लड़के का एक अनजान शख्स द्वारा यौन शोषण किया गया। इस घटना से बच्चा सदमे में चला गया है। पुलिस के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति ने सार्वजनिक शौचालय के अंदर लड़के का यौन शोषण किया और लड़के ने जब इसका विरोध करना शुरू किया तो उसने बच्चे के गाल पर काट लिया। 

पुलिस ने अभी तक संदिग्ध की पहचान नहीं की है, लेकिन धारा 377 (अप्राकृतिक यौन संबंध) और 324 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत एफआईआर दर्ज की है और साथ ही यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया है।

इंडिया टुडे के अनुसार, जांच में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे अभी व्यथित लड़के को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं जिसके बाद वे उससे बात करेंगे और संदिग्ध का स्केच बनवाने की कोशिश करेंगे। संदिग्ध का स्केच अहम लीड साबित हो सकता है क्योंकि पुलिस को कोई भी सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल पाया है जिससे इस मामले को सुलझाने में मदद मिल सके।

यह घटना मुंबई के ओशिवारा उपनगर में हुई और ओशिवारा पुलिस और मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की एक इकाई द्वारा इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध का पता लगाने के लिए कई टीमों का गठन किया है।

पुलिस के अनुसार, बच्चे के माता-पिता उस समय चिंतित हो गए जब वह सोमवार को अपने ट्यूशन से नहीं लौटा। माता-पिता ने उसे खोजना शुरू किया। तीन घंटे बाद उन्हें उनका बच्चा एक सार्वजनिक शौचालय के अंदर मिला। शुरू में लड़के ने अपने माता-पिता को कुछ नहीं बताया और घर वापस आने के बाद सोने चला गया। हालांकि बाद में उसने अपने माता-पिता को बताया कि उसके साथ क्या हुआ है।

बच्चे ने अपने माता-पिता को बताया कि वह ट्यूशन से घर लौटते समय एक सार्वजनिक शौचालय में गया। अंदर एक अजनबी ने लड़के से जबरदस्ती की और उसे अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद उसने बच्चे का यौन उत्पीड़न किया। जब लड़के ने विरोध किया, तो अजनबी ने उसके गाल पर काट दिया और फिर भाग गया।

अगली खबर