बुलंदशहर: लापता हो गई थी बच्ची, 6 दिन बाद गड्ढे से मिला शव, हैरान करता है पूरा मामला

क्राइम
Updated Mar 02, 2021 | 23:26 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक नाबालिग लड़की गायब हो गई थी। 6 दिन बाद उसका शव गांव में घर के पास एक गड्ढे में दफन पाया गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Bulandshahr
आरोपी लड़का फरार है 

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के एक गांव से 12 साल की एक लड़की के लापता होने के छह दिन बाद उसका शव एक ग्रामीण के घर के पास एक गड्ढे में दफन पाया गया। बुलंदशहर पुलिस ने कहा कि लड़की 25 फरवरी की शाम अपने परिवार के सदस्यों के साथ खेत में काम कर रही थी और जब उसे प्यास लगी और उसने कहा कि वह पानी के लिए घर जा रही है। इसके बाद वो वापस नहीं आई। 

बुलंदशहर के डीएम रविंद्र कुमार सिंह ने कहा, 'पीड़िता के माता-पिता ने बताया कि जब वो खेत में काम कर रहे थे तो उनकी बच्ची दूसरे खेत में गई, उसके बाद बच्ची की डेड बॉडी मिली है। यहां खेत में एक लड़का शराब के नशे में था, लड़का फरार है। पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। माता-पिता ने 28 फरवरी को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।' 

बुलंदशहर के पुलिस प्रमुख संतोष कुमार सिंह ने कहा, 'जब लोगों ने पुलिस के साथ लड़की की तलाश शुरू की, तो उन्हें एक घर के अंदर एक जगह मिली जहां ऐसा लगा कि गड्ढा खोदा गया था। जब इसकी खुदाई की गई तो उन्हें लड़की का शव मिला। हम आगे की जांच कर रहे हैं। इस घर में पिता-पुत्र रहते हैं। पिता हमारी हिरासत में है, जबकि बेटा भाग गया है।' 

डीएम ने कहा कि ऐसा लगता है कि लड़की की हत्या की गई है। यौन उत्पीड़न की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्य संदिग्ध हरेंद्र 22 साल का है, जो कथित तौर पर दिल्ली में एक मजदूर के रूप में काम करता है। 
 

अगली खबर