बॉयज लॉकर रूम स्कैंडल: पकड़ा गया एक स्कूली छात्र, गैंगरेप प्लानिंग की चैट हुई थी वायरल

Bois Locker Room scandal: 'बॉयज लॉकर रूम' ग्रुप पर अश्लील चैट के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक स्कूल के छात्र को पकड़ लिया है।

handcuff
सांकेतिक फोटो (तस्वीर साभार- unsplash) 

नई दिल्ली: इंस्टाग्राम पर बनाए गए चैट ग्रुप 'बॉयज लॉकर रूम' का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। स्कूली छात्रों के इस ग्रुप पर अश्लील चैट के साथ-साथ छात्राओं का गैंगरेप करने की प्लानिंग की जा रही थी। ग्रुप पर हो रही ऐसी खतरनाक चर्चा का खुलासा रविवार को हुआ, जब दक्षिण दिल्ली की एक लड़की ने ग्रुप के स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया पर शेयर किए। मामला सामने के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है और इस चैट ग्रुप से जुड़े एक छात्र को पकड़ लिया है। वहीं, पुलिस ने ग्रुप के करीब 20 और लड़कों की पहचान की है। यह सभी दक्षिणी दिल्ली के स्कूलों के छात्र हैं।

पुलिस ने जब्त किया मोबाइल फोन

आरोपी छात्र ने कम से कम 20 और लड़कों के नाम बताए हैं जो चैट ग्रुप से जुड़े थे। पुलिस कार्रवाई की बढ़ती मांग के बाद छात्रों ने ग्रुप डिएक्टिवेट कर दिया था। चैट ग्रुप रविवार तक एक्टिव था। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। साथ ही साइबर सेल ने इंस्टाग्राम को ग्रुप की डिटेल्स साझा करने के लिए लिखा है। दक्षिण दिल्ली की एक लड़की द्वारा ग्रुप चैट के बारे में खुलासा करने बाद इस मुद्दे ने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया था। कई ट्विटर और इंस्टाग्राम यूजर्स ने 'बॉयज लॉकर रूम' के स्क्रीनशॉट शेयर किए थे।

ग्रुप पर डाली जातीं थीं मॉर्फ्ड फोटो 

बताया जा रहा है कि 'बॉयज लॉकर रूम' ग्रुप चलाने वाले लड़के 15 से 17 वर्ष के हैं। यह लड़कियों के फोटो शेयर कर अश्लील और घिनौनी बातें लिखते थे। ग्रुप में लड़कियों की मॉर्फ्ड फोटो भी डाली जाती थीं। ग्रुप में लड़कियों के गैंगरेप करने की बात की जा रही थी। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजकर मामले की जानकारी मांगी और एक्शन लेने को कहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।

अगली खबर