VIDEO: बिग बॉस फेम नूतन नायडू के घर पर दलित के साथ पिटाई, सिर भी मुंडवाया

आंध्र प्रदेश में बिग बॉस फेम नूतन नायडू के घर पर एक 20 साल के दलित युवक की पिटाई की गई और उसका सिर मुंडवाया गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Dalit tonsured
पुलिस ने केस दर्ज कर 7 को गिरफ्तार किया 
मुख्य बातें
  • बिग बॉस तेलुगू के सीजन 2 में नजर आए थे नूतन नायडू
  • दलित नूतन नायडू के घर पर काम करता था
  • 1 अगस्त को पीड़ित ने नायडू के घर से काम छोड़ दिया

नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले के पेंदुर्थी में बिग बॉस तेलुगू सीजन-2 से प्रसिद्धि पाए नूतन नायडू के घर पर एक 20 साल के दलित युवक का कथित रूप से सिर मुंडवाया गया। यह घटना शुक्रवार की है। आरोप है कि इस घटना में नूतन नायडू के परिवार के सदस्य और कर्मचारी शामिल थे। पीड़ित पिछले चार महीने से नूतन के घर पर काम कर रहा था।

'द टाइम्स ऑफ इंडिया' की एक रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित ने कहा कि उसने 1 अगस्त को अपना वेतन लेने के बाद नौकरी छोड़ दी थी। हालांकि 27 अगस्त को उसे घर पर बुलाया गया और नूतन के स्टाफ ने उन पर मोबाइल फोन चुराने का आरोप लगाया। उसने परिवार को बताया कि उसने फोन नहीं चुराया और वहां से चला गया। 

शुक्रवार को उसे फिर से घर पर बुलाया गया और कथित तौर पर उसकी पिटाई की गई। पीड़ित ने आगे आरोप लगाया कि नूतन के परिवार के सदस्य ने एक नाई को बुलाया और उसका सिर मुंडवा दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि आरोपी की पिटाई की गई और उसका सिर भी मुंडवाया गया। सिर मुंडवाने के बाद कुछ आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ सेल्फी भी ली और बाद में उन्हें डिलीट कर दिया। हालांकि, उनके मोबाइल फोन को पुलिस ने जब्त कर लिया है और हटाए गए डेटा को पुनः प्राप्त कर लिया है। 

पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। नूतन नायडू की पत्नी को भी इसमें गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एससी और एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आईपीसी की अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।


 

अगली खबर