बिहार : बच्ची ने तोड़ा पौधा गुस्साये पड़ोसी ने केरोसिन डालकर 12 साल की लड़की को जिंदा जला डाला

क्राइम
भाषा
Updated Mar 21, 2021 | 15:08 IST

बिहार के बेगूसराय से ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानकर आपके रोंगटे खड़े हो जायेंगे यहां एक 12 साल की मासूम बच्ची पर केरोसिन का तेल छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया गया, बच्ची पर पौधा तोड़ने का आरोप लगाया गया था।

A girl burnt alive in a neighborhood on charges of uprooting the plant in Begusarai Bihar
प्रतीकात्मक फोटो 

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिवरौना गांव में एक 12 वर्षीय बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान उसने अपने पड़ोसी सिकंदर यादव के घर में लगे कुंदरी (एक प्रकार की सब्जी) के पौधे को उखाड़ दिया।इसकी जानकारी मिलने के बाद आरोप है कि सिकंदर और उसकी पत्नी कविता देवी ने बच्ची की जमकर पिटाई कर दी। जब इससे भी उनका मन नहीं भरा तो बच्ची के शरीर पर केरोसिन तेल उड़ेलकर आग लगा दी।

बरौनी के थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने रविवार को बताया कि इस घटना की एक प्राथमिकी शनिवार को बरौनी थाना में दर्ज कराई गई है। जख्मी बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सत्यता का पता चल सकेगा। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। सूत्रों का कहना है कि दोनों परिवारों में पहले से ही विवाद चल रहा है।

वहीं इस दर्दनाक मामले पर बेगूसराय पुलिस  का कहना है कि सब्जी का पौधा उखाड़ने को लेकर पड़ोसी पर जलाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


 

अगली खबर