bois locker room : इंस्टाग्राम ने व्यस्क लड़कियों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री हटायी

Instagram Removes Offensive Content:इंस्टाग्राम ने अपने प्लेटफॉर्म से अव्यस्क लड़कियों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री मंगलवार को हटा ली है।

Representational Image
प्रतीकात्मक फोटो 

नयी दिल्ली: 'बॉयज लॉकर रूम' मामले की कड़ी आलोचनाओं के बीच इंस्टाग्राम ने अपने मंच से अव्यस्क लड़कियों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री हटा ली। इससे पहले दिल्ली महिला आयोग ने सोमवार को इस मामले में इंस्टाग्राम और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया था।

दरअसल यह मामला इंस्टाग्राम पर चल रहे एक चैट समूह ‘बॉयज लॉकर रूम’ से जुड़ा है। इस समूह में शामिल किशोर बच्चे लड़कियों के बारे में अश्लील और आपत्तिजनक बातें कर रहे थे।

समूह के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद इसे लेकर कड़ी आलोचना होने लगी जिसके बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है।
 इंस्टाग्राम ने एक बयान में कहा कि वह इस तरह के मामलों को काफी गंभीरता से लेता है। उसके उपयोक्ता मंच पर खुद को 'सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से' प्रस्तुत कर सकें, यह सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दिल्ली महिला आयोग ने जताई थी नाराजगी
इंस्टाग्राम फेसबुक के स्वामित्व वाली तस्वीरें और वीडियो साझा करने की सोशल मीडिया एप है। दिल्ली महिला आयोग ने सोशल मीडिया मंच पर ‘अव्यस्क लड़कियों के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट' करने को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। 

आयोग ने इस बारे में सोमवार को इंस्टाग्राम और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया था। फेसबुक के प्रवक्ता ने कहा, 'हम किसी भी तरह की यौन हिंसा को बढ़ावा देने या किसी का भी विशेषकर महिलाओें और युवाओं का उत्पीड़न करने वाले व्यवहार का समर्थन नहीं करते हैं। जो भी सामग्री हमारे सामुदायिक मानकों का उल्लंघन करती है, हम उस पर कार्रवाई करते हैं और हम इसके प्रति सजग हैं।'

कंपनी ने कहा कि आपत्तिजनक सामग्री उसके सामुदायायिक मानकों का उल्लंघन है और इसे हटा लिया गया है। उसने आयोग का नोटिस मिलने से पहले ही मामले पर कार्रवाई कर ली थी। दिल्ली पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ ने भी इस मामले में इंस्टाग्राम से 'बॉयज लॉकर समूह' से जुड़े सदस्यों की जानकारी मांगी है।

इस मुद्दे ने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया था
दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है और इस चैट ग्रुप से जुड़े एक छात्र को पकड़ लिया है। वहीं, पुलिस ने ग्रुप के करीब 20 और लड़कों की पहचान की है। यह सभी दक्षिणी दिल्ली के स्कूलों के छात्र हैं।

आरोपी छात्र ने कम से कम 20 और लड़कों के नाम बताए हैं जो चैट ग्रुप से जुड़े थे। पुलिस कार्रवाई की बढ़ती मांग के बाद छात्रों ने ग्रुप डिएक्टिवेट कर दिया था। चैट ग्रुप रविवार तक एक्टिव था। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। साथ ही साइबर सेल ने इंस्टाग्राम को ग्रुप की डिटेल्स साझा करने के लिए लिखा है।

दक्षिण दिल्ली की एक लड़की द्वारा ग्रुप चैट के बारे में खुलासा करने बाद इस मुद्दे ने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया था। कई ट्विटर और इंस्टाग्राम यूजर्स ने 'बॉयज लॉकर रूम' के स्क्रीनशॉट शेयर किए थे।

'बॉयज लॉकर रूम' ग्रुप चलाने वाले लड़के 15 से 17 वर्ष के हैं
बताया जा रहा है कि 'बॉयज लॉकर रूम' ग्रुप चलाने वाले लड़के 15 से 17 वर्ष के हैं। यह लड़कियों के फोटो शेयर कर अश्लील और घिनौनी बातें लिखते थे। ग्रुप में लड़कियों की मॉर्फ्ड फोटो भी डाली जाती थीं। ग्रुप में लड़कियों के गैंगरेप करने की बात की जा रही थी।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजकर मामले की जानकारी मांगी और एक्शन लेने को कहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।

अगली खबर