बजाई घर की घंटी, दरवाजा खोलने पर महिला पर छिड़का सैनेटाइजर, वारदात को अंजाम देकर हुए फरार

क्राइम
Updated Feb 01, 2021 | 21:38 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Lucknow crime news: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बदमाशों ने एक घर की घंटी बजाई, इसके बाद जब महिला ने दरवाजा खोला तो उस पर सैनिटाइजर छिड़कर वो उसकी सोने की चूड़ियां लेकर भाग गए।

spray
प्रतीकात्मक तस्वीर 

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराधों के बीच एक और विचित्र घटना सामने आई है। राजधानी लखनऊ में दो अपराधियों ने एक महिला पर कैमिकल कथित रूप से सैनिटाइजर छिड़क दिया और फिर उसकी सोने की चूड़ियां लेकर भाग गए। घटना रविवार शाम को उस समय हुई जब बदमाशों ने महिला के दरवाजे की घंटी बजाई। उस समय महिला घर में अकेली थी।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसने जब दरवाजा खोला तो उसने दो लोगों को देखा। उन्होंने महिला को बताया कि वे उसके पति के लिए भेजे गए पार्सल की डिलीवरी देने आए हैं। किसी चीज पर संदेह नहीं करते हुए महिला ने बाहर कदम रखा और पार्सल लेने के लिए गेट पर गई, तभी अपराधियों में से एक ने हाथ सैनिटाइज करने को कहा। उसने एक बोतल निकाली और महिला के हाथों और हवा में कुछ कैमिकल छिड़का, जिसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई।

जब महिला को होश आया, तो उसने अपनी दोनों सोने की चूड़ियां गायब पाईं। महिला ने आगे कहा, 'मैं दोनों बदमाशों को देखने के लिए बाहर भागी लेकिन वे नहीं मिले, क्योंकि वे भाग गए थे। मैंने कुछ लोगों से मदद मांगी, लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी।' महिला के पति अपनी दुकान पर थे, जबकि उनका 12 साल का बेटा बाहर खेलने गया था। 

सहायक पुलिस आयुक्त, आईपी सिंह ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी की फुटेज को चेक किया जा रहा है। सिंह ने कहा कि ऐसा लगता है कि बदमाशों को पता था कि महिला उस समय अपने घर में अकेली थी।

अगली खबर