Delhi: भारत सरकार की फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों के साथ कर रहे थे ठगी, चढ़े पुलिस के हत्थे

क्राइम
अनुज मिश्रा
अनुज मिश्रा | SPECIAL CORRESPONDENT
Updated Dec 22, 2021 | 20:05 IST

Fraudsters Arrest in Delhi: पुलिस के मुताबिक  इस गिरोह ने  देश के कई शहरों में अपने नेटवर्क बनाये हुए थे। इतना ही नहीं अब तक की जांच में पता चला है कि ये जालसाज अब तक करीब 10 हजार से ज्यादा लोगो को चूना लगा चुके हैं।  

cyber fraud delhi
भारत सरकार की फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों के साथ कर रहे थे ठगी 

नई दिल्ली:  ये शातिर जालसाज बाकायदा भारत सरकार की वोटर आईडी कार्ड बनाने की फेक वेबसाइट बनाकर भोले भाले लोगों को अपनी जालसाजी का शिकार बना रहे थे।  दिल्ली पुलिस के अनुसार जालसाजी करने के लिए इन  जालसाजों ने voteridcard.ebharatseva.in नाम की एक  फेक वेब साइट बनाई हुई थी।  ऐसे में अगर कोई इस वेब साइट को भारत सरकार की वेबसाइट समझकर इस साइट को खोलता तो फौरन इनके झांसे में फंस जाता। 

दरअसल अपना वोटर आईडी बनाने या वोटर आईडी में कुछ भी बदलाव करने के लिए जब कोई शख्स इनके फेक वेबसाइट पर लॉगिन करता तो उनसे 650 रुपये ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फीस लिया जाता था। जिसके बाद इस पैसे को वॉलेट से ये गिरोह अपने एकाउंट में ट्रांसफर कर लिया करते थे।

गिरफ्तार दोनों ठगों के नाम अंकित कुमार और मनमोहन सिंह है। इन्हें यूपी से गिरफ्तार किया है।  दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस वेब साइट पर दिए लिंक के जरिये ये दोनों "Razorpay"पेमेंट गेटवे के जरिये पैसा लेते थे। बाद में वॉलेट से पैसा अपने एकाउंट में ट्रांसफर कर लिया करते थे।

एक शख्स ने दिल्ली पुलिस को एक शिकायत दी थी

दिल्ली के राजेन्द्र नगर के रहने वाले एक शख्स ने दिल्ली पुलिस को एक शिकायत दी कि उन्होंने अपने वोटर आई डी कार्ड में कुछ बदलाव करने के लिए इस वेब साइट पर रजिस्ट्रेशन किया लेकिन पैसे लेने के बाद भी उनके वोटर आईडी कार्ड में कोई बदलाव नही हुआ। लिहाज़ा उन्हें इसपर शक हुआ जिसके बाद उन्होंने अपनी शिकायेत पुलिस को दी। जिसके बाद इस केस को साइबर सेल के हवाले किया गया। साइबर सेल की टीम टेक्निकल इनपुट के आधार पर इस गिरोह का पर्दाफाश किया।

अगली खबर