दिल्ली: एक शख्स ने मणिपुर की महिला पर थूका और उसे कोरोना कहा, पुलिस ने दर्ज किया केस

नॉर्थ दिल्ली के विजय नगर इलाके में मणिपुर की एक महिला पर एक शख्स ने थूका और उसे कोरोना कहा। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Coronavirus in Delhi
आरोपी शख्स पर केस दर्ज 

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 509 के तहत मामला दर्ज किया है। दरअसल, इस शख्स ने कथित तौर पर मणिपुर की एक महिला पर थूका और उसे कोरोना कहा। ये मामला रविवार रात का नॉर्थ दिल्ली के विजय नगर इलाके का है।

दिल्ली में कोरोना वायरस के अभी तक 30 मामले सामने आए हैं। इसी को देखते हुए आज सुबह 6 बजे से 31 मार्च की मध्य रात्रि तक दिल्ली में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। 

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'दिल्ली में 30 मामले है, जिसमें से 23 लोग विदेश से लौटे हैं, 7 पॉजिटिव मामलों के परिवार के सदस्य हैं। वर्तमान में, दिल्ली की स्थिति नियंत्रण में है। सभी से अनुरोध है कि लॉकडाउन का पालन करें ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो।' 

केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन में सार्वजनिक परिवहन का कोई साधन नहीं चलेगा और दिल्ली की सीमाओं को सील कर दिया जाएगा, लेकिन स्वास्थ्य, खानपान, जल और विद्युत आपूर्ति आदि से संबंधित आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को गतंव्य तक पहुंचाने के लिए डीटीसी की 25 प्रतिशत बसें चलेंगी।
 

अगली खबर