Ghaziabad: दिल्ली पुलिस की महिला कॉन्सटेबल की निर्मम हत्या, बेटी ने ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर घोंटा गला

गाजियाबाद शहर में एक महिला पुलिस कॉन्सटेबल की गला घोंट कर हत्या किएजाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या का आरोप उसकी बेटी और उसके ब्वॉयफ्रेंड पर है।

teen killed her mother
गाजियाबाद में महिला पुलिस कॉन्सटेबल की गला घोंट कर हत्या  |  तस्वीर साभार: Representative Image

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के नोएडा से सटे गाजियाबाद शहर से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है। 15 वर्षीय एक लड़की ने कथित तौर पर अपनी मां की गला दबा कर हत्या कर दी। उसकी मां दिल्ली पुलिस की पीसीआर सेल में बतौर हेड कॉन्सटेबल तैनात थी। पिछले शुक्रवार को गाजियाबाद के बृज विहार कॉलोनी का ये मामला है। 

मृतका के पति यानि आरोपी लड़की के पिता के द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने के बाद शनिवार को पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि लड़की और उसके 20 वर्षीय ब्वॉयफ्रेंड जितेंद्र ने मिलकर 44 वर्षीय महिला पुलिस कॉन्सटेबल पर हमला किया। उन्होंने एक रस्सी का फंदा उसके गले में डाल दिया और फिर उससे उसका गला घोंट दिया। 

हत्या करने के बाद किया ये नाटक
जितेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने इसे आत्महत्या का रुप देने की कोशिश की। हत्या करने के बाद वे घर से बाहर चले गए इसके कुछ देर बाद लड़की वापस घर आई और मां का शव देखकर हैरान होने का नाटक करते हुए मदद के लिए चिल्लाने लगी। शोर सुनकर पड़ोसी आए और फिर उसे जीटीबी अस्पताल पहुंचाया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

बेटी के अफेयर का चल गया था पता
जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों पहले मां बेटी में उसके ब्वॉयफ्रेंड को लेकर तीखी बहस हो गई थी। उसने बताया था कि उसके ब्वॉयफ्रेंड ने उसे मोबाइल फोन गिफ्ट किया है। मां को ये बात अच्छी नहीं लगी और उसने बेटी को फटकार लगाई। इसके बाद उसने अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर ये खतरनाक साजिश रची। कॉन्सटेबल अपनी बेटी के साथ किराए के मकान में 15 सालों से रहती थी।

पिता बिहार में कृषि करते हैं
लड़की के पिता जो पेशे से किसान वह ज्यादातर समय होमटाउन बिहार में ही रहते हैं। एसएचओ देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्हें शाम में 6 बजे जीटीबी हॉस्पीटल से कॉल आया जिसके बाद हमने इस पर छानबीन शुरू की। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि मृतका दिल्ली पुलिस में कॉन्सटेबल है। 

गला घोंटने के अलावा सिर पर मारा
डॉक्टरों ने बताया कि उसका गला घोंटा गया है जबकि उसके सिर पर भी हथियार से वार किया गया है जिससे गहरा चोट पड़ा है। पुलिस ने जब लड़की से पूछताछ शुरू की तो उसने लगातार एक ही रट लगाए रखी कि उसकी मां ने आत्महत्या की है। उसके बयानों में झोल का पता चलने पर पुलिस ने उसे आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

लड़के की लगा चुकी थी क्लास
सख्ती से पूछताछ करने पर लड़की ने बताया कि उसने अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या की है। दरअसल उसकी मां को उसके अफेयर के बारे में पता चल गया था जिसके बाद उसने उसे डांटा था और अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा था। वह कई बार लड़के के यहां भी जाकर लड़के को डांट लगा चुकी थी।

लड़का स्कूल ड्रॉपआउट जबकि लड़की 10वीं में
लड़का स्कूल ड्रॉपआउट है जो दिल्ली में एक ग्रॉसरी शॉप पर हेल्पर का काम करता है। जबकि लड़की दसवीं की परीक्षा देने वाली है। लड़की के पिता ने बताया कि वह जनवरी में ही बिहार से वापस गाजियाबाद आया था। उसे भी अपनी बेटी के अफेयर के बारे में पता था और उसकी मां से अनबन को लेकर भी जानकारी थी। इसी संदेह पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज की।

अगली खबर