Gorakhpur : मनीष गुप्ता के बाद रामगढ़ ताल में अब मॉडलशॉप के कर्मचारी की पीटकर हत्या

Gorakhpur Crime News : गोरखपुर के राम गढ़ ताल इलाके में दिल दहलाने वाली हत्या की एक और घटना हुई है। यहां शराब न देने पर मॉडलशॉप के एक कर्मचारी की पीटकर हत्या कर दी गई। जबकि दूसरा व्यक्ति घायल है।

Gorakhpur : Another killing in Ramgarhtal area, Modelshop worker beaten to death
गोरखपुर के रामगढ़ ताल में मॉडलशॉप कर्मचारी की पीटकर हत्या।   |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • बताया जा रहा है कि इलाके के हिस्ट्रीशीटर का भाई पहुंचा था मॉडलशॉप
  • आरोपी ने मुफ्त में शराब लाने का ऑर्डर दिया जिसे कर्मचारी ने मना कर दिया
  • पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर वह घटनास्थल पर तुरंत पहुंची

गोरखपुर : कारोबारी मनीष गुप्ता की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि इस शहर में हैरान करने वाली एक और घटना सामने आई है। जिस राम गढ़ ताल पुलिस स्टेशन के अधीन होटल में पुलिस की रेड के दौरान मनीष की मौत हुई, उसी थाना क्षेत्र में स्थित एक मॉडलशॉप के कर्मचारी की पीटकर हत्या हुई है। जबकि दूसरा कर्मचारी घायल है। बताया जा रहा है कि इलाके के हिस्ट्रीशीटर के भाई ने कर्मचारी से मुफ्त में शराब मांगी और जब कर्माचारी ने इसे देने से मना किया तो उसकी पिटाई की गई। शराब की यह दुकान पुलिस स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। 

घायल कर्मचारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कर्मचारी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। रिपोर्टों के मुताबिक इस घायल कर्मचारी की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद राम गढ़ ताल पुलिस की काफी आलोचना हो रही है। क्षेत्र में बदमाशों की दबंगई बढ़ती देख स्थानीय लोग दहशत में हैं। 

घटना का वीडियो सामने आया

मॉडलशॉप में पिटाई की इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में आरोपी को देखा जा सकता है। इस घटना के बारे में पुलिस का कहना है कि राम गढ़ ताल इलाके में कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने पैसे के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की कथित रूप से पिटाई की। जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जबकि फॉरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है। 

पैसे मांगने पर भड़क गया आरोपी

बताया जा रहा है कि मॉडलशॉप पहुंचे आरोपी ने कर्मचारी मनीष प्रजापति को शराब लाने का ऑर्डर दिया। इस पर कर्मचारी ने पैसे मांगे। उसने बताया कि बिना पैसे शराब वह नहीं दे सकता।  इस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। गुस्साए आरोपी एवं उसके साथियों ने मॉडलशॉप में दाखिल होकर प्रजापति को बुरी तरह से पीटा। मनीष मध्य प्रदेश के रीवा जिले का रहने वाला है जबकि घायल दूसरा कर्मचारी रघू बहराइच जिले का रहने वाला  है।  

अगली खबर