गोरखपुर: पुलिस कॉन्सटेबल ने थाना परिसर में अपने बेटे को मारी गोली, मौके पर ही हुई मौत

क्राइम
Updated Oct 25, 2019 | 11:49 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक पुलिस कॉन्सटेबल ने थाना परिसर से अंदर ही अपने बेटे की गोली मार कर हत्या कर दी। आरोपी कॉन्सटेबल को उनके लाइसेंसी बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।

गोरखपुर: पुलिस कॉन्सटेबल ने थाना परिसर में अपने बेटे को मारी गोली, मौके पर ही हुई मौत
कॉन्सटेबल ने बेटे की हत्या की  |  तस्वीर साभार: ANI

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के एक हेड कॉन्सटेबल ने थाना परिसर के अंदर ही अपने बेटे की गोली मार कर हत्या कर दी। मामला गुरुवार का है। चौरी-चौरा पुलिस स्टेशन के परिसर में ही हेड पुलिस कॉन्सटेबल का अपने बेटे के साथ किसी बात पर बहस हो गई जिसके बाद उन्होंने अपने बेटे के उपर ही गोली चला दी। 

कॉन्सटेबल की पहचान अरविंद यादव के रुप में की गई है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से लाइसेंसी बंदूक को भी जब्त कर लिया गया है। सर्कल ऑफिसर सुमित शुक्ला ने बताया कि उसका (अरविंद) अपने बेटे के साथ किसी बात पर तीखी बहस हो गई थी जिसके बाद उसने बेटे के उपर गोली चला दी जिसमें मौके पर ही बेटे की मौत हो गई।

 

 

आरोपी कॉन्सटेबल को उसके लाइसेंसी बंदूक के साथ हिरासत में ले लिया गया है। बताया जाता है कि मृतक विकास यादव कॉन्सटेबल अरविंद की पहली बीवी का बेटा था, जो गाजीपुर में रहती है। जानकारी के मुताबिक ये कॉन्सटेबल ने पारिवारिक विवाद के बाद हुई बहस में बेटे की हत्या कर दी।

गोली इस तरह लगी कि उसके गले को छेद करते हुए बाहर निकल गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि चौरी चौरा थाने में पोस्टेड हेड कॉन्सटेबल अरविंद यादव की दो शादी हुई थी। वह वर्तमान में अपनी दूसरी पत्नी के साथ कूड़ाघाट में रहता है जबकि उसकी पहली पत्नी अपने बच्चों के साथ गाजीपुर में रहती है। उन दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बुधवार की रात पहली पत्नी का 18 वर्षीय बड़ा बेटा करीब 11 बजे चौरीचौरा थाने पहुंचा। थाने में अपने बेटे को देखकर अरविंद वहां से भागने लगा। यहां जब बेटे ने उसे रोका तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और इसी बीच गुस्से में आकर अरविंद ने अपने निजी राइफल से उसे गोली मार दी। पुलिस फिलहाल विवाद के कारणों की जांच कर रही है।

अगली खबर