Haryana crime: दंपति को अगवा कर पति को पीटा, महिला से छेड़छाड़, बनाया अश्‍लील वीडियो

हरियाणा में एक दंपति को अगवा कर बदमाशों ने पति को बुरी तरह पीटा, जबकि महिला के साथ अश्‍लील हरकतें करते हुए उसका वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

दंपति को अगवा कर पति को पीटा, महिला का बनाया अश्‍लील वीडियो
दंपति को अगवा कर पति को पीटा, महिला का बनाया अश्‍लील वीडियो  |  तस्वीर साभार: Representative Image

नूंह : हरियाणा के नूंह में पुलिस ने दो लोगों को एक दंपत्ति को अगवा किए जाने और महिला के साथ छेड़छाड़ कर उसका वीडियो बनाने तथा इसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने को लेकर गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दंपति से फिरौती की मांग की थी और इसे नहीं देने पर उन्‍होंने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह घटना हरियाणा के नूंह जिले के रोजका मियो थाना क्षेत्र का है, जहां 27 जुलाई को महिला अपने पति के साथ बाइक से जा रही थी। रास्‍ते में चार लोगों ने उन्‍हें रोक लिया। वे उसे अगवा कर किसी सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्‍होंने महिला और उसके पति को बंधक बना लिया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के पति को बुरी तरह पीटा और फिर महिला के साथ अश्‍लील हरकत करते हुए उसका वीडियो बना लिया।

दंपति से मांगी फिरौती

पुलिस को दी शिकायत में दंपति ने कहा है कि आरोपियों ने उनसे फिरौती मांगी और धमकी दी कि अगर उन्‍होंने फिरौती की रकम नहीं दी तो वे वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर देंगे। महिला बदमाशों के सामने अड़ गई और उसने फिरौती देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। बदमाशों के चंगुल से किसी तरह छूटकर महिला पुलिस स्‍टेशन पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने इस मामले में त्‍वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर दिया है। पुलिस ने महिला के साथ छेड़छाड़ का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया से डिलीट करवा दिया है। दो अन्‍य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है।

अगली खबर