Himachal Pradesh: इस बात का हुआ संदेह, बुजुर्ग को पीटा, कालिख पोती और जूते की माला पहनाई

क्राइम
Updated Nov 11, 2019 | 00:24 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Himachal Pradesh: राज्य के मंडी जिले के एक गांव में लोगों ने 81 साल की बुजुर्ग महिला की बेरहमी से पिटाई की। उसके चेहरे पर कालिख पोती और जूते की माला पहनाई। पुलिस ने 21 लोगों को गिरफ्तार किया है।

himachal news
बुजुर्ग महिला का उत्पीड़न 

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के एक गांव में 81 साल की बुजुर्ग महिला का उत्पीड़न करने के आरोप में सात महिलाओं सहित 21 लोगों को रविवार को गिरफ्तार किया गया। मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) गुरदेव चंद शर्मा ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद कुछ और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

भीड़ ने महिला को जादू टोना करने के संदेह में पीटा। एसपी ने बताया, 'घटना 6 नवंबर को हुई और वीडियो 9 नवंबर को वायरल हुआ। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है और 21 लोगों की गिरफ्तारी की गई है।'

वीडियो में युवाओं के एक समूह को बुजुर्ग महिला के चेहरे पर काली पॉलिश लगाते हुए और उन्हें जूते की माला पहनाते हुए देखा जा सकता है। उन्हें गांव में जबरदस्ती खींचते हुए देखा गया। 

लोगों ने आरोप लगाया कि ये विधवा महिला, जो कि गांव में अपनी बड़ी बेटी और दामाद के साथ रहती है वो इलाके के लोगों पर जादू टोना और काला जादू करती है। वे एक सप्ताह पहले उसके घर के बाहर इकट्ठा हुए और उसकी खिड़कियों को तोड़कर उसकी अनुपस्थिति में सामान नष्ट कर दिया था। 

यह पता चला कि महिला ने इस मुद्दे पर स्थानीय ग्राम पंचायत से एक लिखित शिकायत दर्ज की थी, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा इसे वापस लेने के लिए उस पर दबाव डाला गया था। बुजुर्ग की बेटी ने आरोप लगाया कि 6 नवंबर को उसने पुलिस को ग्रामीणों द्वारा उसकी मां को धमकी देने की सूचना दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उसने कहा कि अब उसे गिरफ्तार व्यक्ति के रिश्तेदारों से धमकी मिल रही है।

इस बीच मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस घटना की निंदा की और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में किसी को भी हिंसा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

अगली खबर