झारखंड के दुमका से आया हैरान कर देने वाला मामला, पति के सामने महिला से 17 लोगों ने किया रेप

क्राइम
Updated Dec 09, 2020 | 23:08 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

झारखंड के दुमका जिले में पति की मौजूदगी में 17 लोगों ने कथित रूप से एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पांच बच्चों की मां अपने पति के साथ मेले से घर लौट रही थी, तभी ये घटना हुई।

Rape
पुलिस आरोपियों को पकड़ने में लगी है 

दुमका: झारखंड के दुमका से हैरान और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पति की मौजूदगी में एक महिला के साथ 17 लोगों ने कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया है। इस सिलसिले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। मंगलवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक इलाके में उस समय यह अपराध हुआ, जब पांच बच्चों की मां अपने पति के साथ मेले से घर लौट रही थी।

आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बदमाश दोनों पर हावी हो गए और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। अपराध की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एक अभियान चलाया है। 

बताया जाता है कि आरोपियों ने महिला के पति को बंधक बनाया और फिर उसके साथ रेप किया।

बीजेपी ने साधा निशाना

झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सरकार पर निशाना साधते हुए ट्विटर पर लिखा, 'राज्य में महिलाओं पर अत्याचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है, एक बार फिर से आदिवासी महिला के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। यह घटना वीभत्स कर देने वाली है। आखिर कब रुकेगा यह अत्याचार? कब तक महिलाओं की आबरू इस तरह से लूटी जाएगी? कब तक मुख्यमंत्री मौनी बाबा बने रहेंगे? जब से यह सरकार आई है तब से राज्य में हर तरह की आपराधिक गतिविधियाँ बढ़ गयी है लेकिन सरकार सिर्फ उगाही और अवैध खनन में लगी हुई है।' 
 

अगली खबर