कुख्यात अपराधी था लखनऊ गोलीकांड में मारा गया अजीत सिंह, दर्ज थे 5 मर्डर सहित 18 केस

क्राइम
Updated Jan 07, 2021 | 06:15 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Criminal Ajit singh: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बुधवार शाम गोलीबारी में कुख्यात अपराधी अजीत सिंह की मौत हो गई और उसका एक साथी एवं एक राहगीर घायल हो गए।

ajit singh
अजीत सिंह 
मुख्य बातें
  • लखनऊ में गोलीबारी में कुख्यात अपराधी अजीत सिंह की मौत
  • अजीत सिंह के खिलाफ 18 मामले दर्ज थे, जिसमें से पांच मामले हत्या से जुड़े थे
  • अजीत सिंह ब्लॉक प्रमुख भी रहा है

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बुधवार शाम को हुई गोलीबारी में कुख्यात अपराधी अजीत सिंह की मौत हो गई। अजीत सिंह मऊ जिले का पूर्व ब्लॉक प्रमुख था। दो आपराधिक गुटों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। इस गैंगवार में रास्ते से गुजर रहा एक शख्स भी घायल हो गया।

लखनऊ के पुलिस आयुक्त डी के ठाकुर ने बताया, 'मृतक अजीत सिंह माफिया और शुद्ध क्रिमिनल है। इसके खिलाफ 17-18 मुकदमे हैं, जिसमें से 5 मर्डर के हैं। 31 दिसंबर 2020 को इसे जिला मजिस्‍ट्रेट के द्वारा जिला बदर किया गया था।' 

उन्होंने बताया कि अजीत सिंह अपने साथी मोहर सिंह के साथ शाम करीब साढ़े आठ बजे जीप से गोमती नगर में विभूति खंड के कठौता जा रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने उन दोनों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसके जवाब में अजीत सिंह की तरफ से भी गोलियां चलायी गईं। गोलीबारी में अजीत सिंह और मोहर सिंह घायल हो गए तथा वहां से गुजर रहे राहगीर आकाश को भी गोली लगी। तीनों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहर सिंह और आकाश का इलाज चल रहा है और दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। दोनो पक्षों की ओर से करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलाई गईं। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि गोली मारने वाले अजीत के पूर्व परिचित थे और किसी पुरानी रंजिश के चलते यह गोलीबारी की घटना हुई है।' 

अगली खबर