2 साल से पीछा करने वाले शख्स ने लगाई थी महिला लेक्चरर को आग, गई जान

क्राइम
लव रघुवंशी
Updated Feb 10, 2020 | 13:00 IST

Maharashtra News: महाराष्ट्र के वर्धा जिले में पीछा करने वाले एक व्यक्ति द्वारा पिछले सप्ताह आग के हवाले की गई एक महिला लेक्चरर की सोमवार की सुबह नागपुर के एक अस्पताल में मौत हो गई।

Wardha
जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम लड़ेंगे केस 

मुंबई: महाराष्ट्र के वर्धा जिले में 24 साल की कॉलेज टीचर को पिछले सप्ताह उस शख्स ने आग लगा दी थी, जो पिछले दो सालों से उसका पीछा कर रहा था। आज सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला पिछले सोमवार की सुबह कॉलेज जा रही थी, तभी आरोपी विकेश नगराले ने उसे आग लगाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल के पेट्रोल का इस्तेमाल किया। वह 40 फीसदी जल चुकी थी और उसकी हालत गंभीर थी। उसका इलाज 77 किमी दूर नागपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।

ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. अनूप मरार ने बताया, 'आज सुबह 6:55 पर मरीज को मृत घोषित कर दिया गया। उसकी मौत संभवत: सेप्टिक शॉक के कारण हुई। पोस्टमार्टम के लिए उसका शव पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया गया है।' सेप्टिक शॉक में शरीर में संक्रमण फैल जाता है, जिससे शरीर के कई अंग खराब हो जाते हैं और रक्तचाप खतरनाक ढंग से कम हो जाता है।

अस्पताल प्रशासन ने बुलेटिन जारी किया था जिसके अनुसार युवती का सिर, चेहरा, बायां हाथ, पीठ और गर्दन समेत 40 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया था। श्वसन तंत्र भी प्रभावित होने के साथ उसे आंतरिक घाव भी आए थे। पीड़िता को सीसीयू में भर्ती कराया गया था।

घटना के कुछ घंटों के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। शिक्षक के रिश्तेदारों ने कहा कि वह काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'नगराले विवाहित व्यक्ति है और उसका सात महीने का बेटा है। वह बल्हारशाह में एक फर्म में काम करता है। वह महिला का पीछा करता था। उसने पिछले साल आत्महत्या करने की कोशिश की थी।' 

लेक्चरर की मौत के बाद वर्धा में स्थानीय लोगों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। कई स्थानीय लोगों, ज्यादातर महिलाओं और कॉलेज के छात्रों ने पिछले गुरुवार को भी वर्धा में एक मार्च निकाला था, जिसमें आरोपी को मौत की सजा देने की मांग की गई थी। 

जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम को महाराष्ट्र सरकार ने मामले में विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया है। गृह मंत्री अनिल देशमुख ने पिछले हफ्ते अस्पताल का दौरा किया था।

अगली खबर