UP: बेटे की चाह में हैवान बना पति, बेटी हुई तो पत्नी पर डाला खौलता हुआ पानी; महिला की हालत गंभीर

क्राइम
किशोर जोशी
Updated Aug 19, 2021 | 13:02 IST

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बेटे की चाह में हैवान बने शख्स ने बेटी होने पर पत्नी के ऊपर खौलता पानी डाल दिया।

Man pours boiling water on wife for not giving birth to boy in UP
हैवान बना पति, बेटी हुई तो पत्नी पर डाला खौलता पानी 
मुख्य बातें
  • उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हैवानियत पर उतरा पति
  • बेटा नहीं होने पर पत्नी पर डाला खौलता पानी
  • गंभीर रूप से झुलसी पत्नी, निकटवर्ती अस्पताल में की गईं भर्ती

शाहजहांपुर:  एक तरफ सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के जरिए जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी तरफ समाज में ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं जहां बेटा नहीं होने पर महिला को प्रताड़ित किया जाता है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से सामने आया है। यहां एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जाहां बेटे को जन्म नहीं देने पर एक शख्स ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी पर खौलता हुआ पानी डाल दिया। घटना में महिला बुरी तरह झुलस गई और उसे नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मामला पुलिस तक पहुंच गया है और पुलिस ने पीड़ित महिला के पति सत्यपाल तथा उसके ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

आरोपी की है तीन बेटियां
घटना पिछले हफ्ते की है। खबर के मुताबिक,  गोपालपुर इलाके में रहने वाली 32 साल की संजू की शादी कुछ साल पहले तिलहर कस्बे में रहने वाले सत्यपाल के साथ हुई थी। शादी के बाद संजू की तीन बेटियां हो गईं जिससे ससुराल वाले उसे और ज्यादा परेशान करने लगे और बेटे के नहीं होने पर लगातार ताना मारते थे। संजू का पति सत्यपाल अक्सर उसे प्रताड़ित करता था और साथ में मारपीट भी करता था। यहां तक कि कई बार पीड़िता को खाना तक नहीं दिया जाता था।

पीड़िता को किया गया प्रताड़ित

कुछ समय पहले ससुराल वालों ने पीड़िता संजू को काफी प्रताड़ित किया और उसे मायके से 50 हजार रुपये लाने को कहा। इसके बाद 13 अगस्त को गुस्से में पति ने अपनी पत्नी यानि संजू पर खौलता पानी डाल दिया जिससे वह झुलस गई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव वाजपेयी ने बताया कि आरोपी पति अभी मौके से फरार है। उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों की शादी 2013 में हुई थी।


 

अगली खबर