दौसा डॉक्टर सुसाइड केस में बीजेपी प्रदेश सचिव जितेंद्र गोठवाल गिरफ्तार

क्राइम
भाषा
Updated Mar 31, 2022 | 17:38 IST

दौसा डॉक्टर सुसाइड केस में राजस्थान पुलिस ने बीजेपी के प्रदेश सचिव जितेंद्र गोठवाल को गिरफ्तार किया है।

Rajasthan Government, Rajasthan Police, Dausa Doctor Suicide Case, BJP State Secretary Jitendra Gothwal, Ashok Gehlot
दौसा डॉक्टर सुसाइड केस में बीजेपी प्रदेश सचिल जितेंद्र गोठवाल गिरफ्तार ( प्रतीकात्मक तस्वीर) 
मुख्य बातें
  • दौसा डॉक्टर खुदकुशी केस में बीजेपी प्रदेश सचिव जितेंद्र गोठवाल गिरफ्तार
  • लालसोट कस्बे में डॉक्टर ने की थी खुदकुशी
  • डॉक्टर के खिलाफ भी 302 का केस था दर्ज

दौसा के लालसोट कस्बे में महिला चिकित्सक आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने बृहस्पतिवार को भाजपा के प्रदेश सचिव जितेंद्र गोठवाल समेत दो लोगों को रंगदारी और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया। गोठवाल ने बृहस्पतिवार सुबह ट्वीट किया था कि बुधवार की आधी रात गिरफ्तार करने जयपुर आवास पर पहुंची पुलिस ने लालसोट की डा. अर्चना शर्मा को खुदकुशी करने के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। 

मेरी गिरफ्तारी सियासी- जितेंद्र गोठवाल
गोठवाल ने आरोप लगाया कि  राज्य सरकार कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी को ट्रेन का टिकट भिजवाने का बदला ले रही है। गोठवाल ने रविवार को प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम से दिल्ली से जयपुर के लिए ट्रेन का टिकट बुक कराते हुए उनसे जयपुर आने का न्योता दिया ताकि वे यहां महिला अत्याचारों को देख सकें।पुलिस के अनुसार इस मामले में गोठवाल के साथ गिरफ्तार अन्य लोगों में राम मनोहर भी शामिल हैं। दोनों पर आईपीसी की धारा 384, 388 और 306 (जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज किया गया था।अपने खिलाफ लगे आरोपों को खारिज करते हुए गोठवाल ने ट्वीट किया कि गहलोत सरकार अपनी गलती व नाकामी छुपाने के लिए मुझ बेगुनाह को षड्यंत्र पूर्वक फंसा रही है।


दौसा के लालसोट कस्बे की घटना

राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट कस्बे में एक निजी अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ अर्चना शर्मा ने मंगलवार को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके खिलाफ सोमवार को उसके निजी अस्पताल में एक गर्भवती की मौत के बाद इलाज में लापरवाही का मामला दर्ज किया गया था। उस अस्पताल के प्रबंध निदेशक और पीड़ित चिकित्सक के पति डॉ. सुनीत उपाध्याय ने एक वीडियो बयान में कहा कि उनकी पत्नी डॉ. अर्चना शर्मा ने मंगलवार सुबह अपने खिलाफ हत्या के मामले की खबर पढ़ी और इसकी वजह से परेशान और जेल जाने को लेकर डरी हुई थीं।

डॉक्टर के खिलाफ भी 302 में केस था दर्ज
गर्भवती महिला की मौत के मामले में इस चिकित्सक दंपत्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया था। गर्भवती महिला की मौत के बाद सोमवार को अस्पताल के बाहर धरने में गोठवाल भी मौजूद थे और डॉ. उपाध्याय ने भी उन पर मामले में शामिल होने का आरोप लगाया।इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राज्य के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम्स आज दूसरे दिन भी बंद रहे। हालांकि आपातकालीन सेवाओं को इससे अलग रखा गया है। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मामले पर संज्ञान लेते हुए बुधवार को दौसा के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार को हटा दिया जबकि लालसोट के थानाधिकारी अंकेश कुमार को निलंबित किया गया है। लालसोट के क्षेत्राधिकारी शंकर लाल को भी वहां से हटा दिया गया है। मामले की प्रशासनिक जांच जयपुर संभागीय आयुक्त दिनेश कुमार यादव को सौंपी गई है।

अगली खबर