Ajamgarh: पत्नी की गोली मार कर हत्या करने के बाद ससुर को लगाया फोन, कहा- 'तुम्हारी बेटी का काम तमाम हुआ'

Man killed wife: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने अपने ससुर को फोन कर बताया कि उसकी बेटी को गोली मार दी है।

man killed wife in ajamgarh
आजमगढ़ में शख्स ने की पत्नी की गोली मार कर हत्या  |  तस्वीर साभार: Representative Image

आजमगढ़ : आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को गोली मारकर उसकी कथित हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि यह वारदात देवगांव के कैथीशंकरपुर गांव में गुरुवार शाम हुई। उसने बताया कि प्रज्ञा सिंह अपने घर के बरामदे में बैठी थी। इस बीच गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे, तो उन्होंने प्रज्ञा को खून से लथपथ देखा।

प्रज्ञा का विवाह दो साल पहले दीपक सिंह से हुआ था। पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने बताया कि प्रज्ञा के पिता के अनुसार दीपक ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उन्हें फोन करके बताया था कि उसने उनकी बेटी को गोली मार दी है। पुलिस ने हत्या के आरोप में प्रज्ञा के पति के साथ ही सास और ससुर को हिरासत में ले लिया है।

बेहद सनसनीखेज ये घटना गुरुवार शाम की है। घटना के समय मृतका अपने बच्चे के साथ कमरे में टीवी देख रही थी इसी समय शख्स ने उसे गोली मार दी जो महिला के चेहरे पर नाक के पास लगी। गोली लगने के बाद मौके पर ही महिला की मौत हो गई। इसके कुछ ही देर के बाद सूचना मिलने पर मृतका के पिता वहां पर पहुंच गए। उन्होंने बेटी की हत्या का आरोप उसके ससुराल वालों पर लगाया।

उन्होंने बताया कि बेटी को मारने के बाद उसके पति ने उन्हें फोन कर कहा था कि तुम्हारी बेटी का काम तमाम हो गया है, मैंने उसे गोली मार दी है। इस बयान को आधार मानते हुए पुलिस ने आरोपी पति और उसके मां और बाप को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि म़ृतका की शादी दो साल पहले हुई थी और वह दो बच्चों की मां थी। 

इधर पति ने अपने ससुर के इन आरोपों से इनकार करता रहा और उसने पुलिस के समक्ष एक दूसरी कहानी बता दी। उसने बताया कि किसी बाइक सवार बदमाशों ने उसकी पत्नी की हत्या की है। फिलहाल पुलिस ने मृतका के ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर इसकी जांच शुरू कर दी है। 

अगली खबर