UP में बेलगाम अपराधी: फतेहपुर में दोहराया गया 'उन्नाव कांड', रेप के बाद पीड़िता को जिंदा जलाया

क्राइम
Updated Dec 15, 2019 | 10:12 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आरोपी अब खुले आम महिलाओं को अपना शिकार बना रहे हैं। एक बार फिर यूपी के फतेहपुर में 'उन्नाव कांड' दोहराया गया।

Fatehpur rape victim burnt
फतेहपुर में रेप पीड़िता को जिंदा जलाया  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • उत्तर प्रदेश में बेलगाम हुए अपराधी, बेखौफ होकर महिलाओं के खिलाफ कर रहे अपराध
  • एक बार फिर यूपी के फतेहपुर में दोहराया उन्नाव कांड
  • फतेहपुर में लड़की के साथ रेप कर फिर उसे जिंदा जलाया
  • 90 फीसदी तक जली पीड़िता, कानपुर के अस्पताल में चल रहा इलाज

बांदा : उत्तर प्रदेश में अपराधी बेलगाम होते जा रहे हैं। राज्य में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार से उन्नाव कांड को दाहराया गया। इस बार फतेहपुर की महिला को निशाना बनाया गया। फतेहपुर में एक किशोरी के साथ रेप करने के बाद उसे जिंदा जला दिए जाने के मामला सामने आया है। मामला शनिवार का है।

उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता को जिंदा जलाकर मार देने की वारदात को अभी एक महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि एक बार फिर से इस घटना ने लोगों की आक्रोश को ताजा कर दिया है। आरोप है कि 18 वर्षीय लड़की के साथ उसके रिश्ते के चाचा ने ही उसके घर में घुसकर उसके साथ मुंह काला किया, फिर किरोसिन छिड़कर उसे आग के हवाले कर दिया।

लड़की को घर में अकेला देख किया कांड
बताया जाता है कि पीड़िता 90 फीसदी तक गंभीर रुप से जल चुकी है जिसे इलाज के लिए कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फतेहपुर के नगर पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) कपिल देव मिश्रा ने बताया कि हुसेनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार दोपहर 18 साल की लड़की अपने घर में अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य खेतों में काम कर रहे थे।

लड़की का चाचा है आरोपी
घर में उसे अकेला देखकर उसके रिश्ते का चाचा घर में घुस गया और उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। जब लड़की ने कहा कि वह इसकी शिकायत कर देगी तो इसी बात से नाराज होकर 22 वर्षीय आरोपी चाचा उसके उपर किरोसिन छिड़ककर उसे आग लगा दी। 

90 फीसदी जली पीड़िता को कानपुर किया गया रेफर
आग की लपटों से घिरी लड़की की चीख सुनकर गांव वालों ने किसी तरह आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक लड़की नब्बे फीसदी जल चुकी है। पहले पीड़िता को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

दोनों के बीच थे प्रेस प्रसंग
पुलिस के मुताबिक पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है वहीं आरोपी की तलाश पुलिस ने जोर-शोर से शुरू कर दी है।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबित पीड़िता और आरोपी के बीच प्रेम प्रसंग चल रहे थे इसे लेकर शुक्रवार को पंचायत भी बैठाई गई थी जिसमें दोनों की शादी की बात पर सहमति हुई थी।

गौरतलब है कि उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र में इसी तरह पांच दिसंबर को एक दुष्कर्म पीड़िता को पांच आरोपियों ने आग के हवाले कर दिया था, जिसकी उपचार के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गयी है।

अगली खबर