Noida : लड़की ने दिखाई दिलेरी, छेड़छाड़ के बाद साइकिल से भाग रहा था युवक, दौड़ाकर पीटा

Girl molested in Noida : लड़की जब सहारा के रेड लाइट के पास पहुंची तो व्यक्ति ने कथित रूप से उसके साथ छेड़खानी की। इसके बाद वह अपनी साइकिल पर बैठकर भागने लगा।

UP: Woman in Noida chases man, thrashes him for groping her
नोएडा में छेड़छाड़ के बाद साइकिल से भाग रहा था युवक, लड़की ने दौड़ाकर पीटा।  |  तस्वीर साभार: PTI

नोएडा : एक 24 साल की लड़की ने गजब की दिलेरी दिखाई है। नोएडा के सेक्टर 12 में उससे छेड़छाड़ कर भागने वाले युवक को उसने दौड़ाकर पकड़ा और फिर उसकी पिटाई की। पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच में जुटी है। लड़की के साथ छेड़खानी का यह मामला शुक्रवार सुबह का है। रिपोर्टों के मुताबिक लड़की सेक्टर 12 के पट्रोल पंप के पास से गुजर रही थी तभी रास्ते में उसने एक व्यक्ति को साइकिल पर आते देखा। लड़की ने पाया कि यह व्यक्ति रास्ते-रास्ते में रुक-रुककर उसे घूर रहा था।

सहारा रेड लाइट के पास हुई छेड़खानी
लड़की जब सहारा के रेड लाइट के पास पहुंची तो व्यक्ति ने कथित रूप से उसके साथ छेड़खानी की। इसके बाद वह अपनी साइकिल पर बैठकर भागने लगा। इस दौरान आस-पास के लोग इस घटना को केवल देखते रहे। लड़की का बचाव करने के लिए कोई आगे नहीं आया। 

मदद के लिए नहीं आए आस-पास के लोग
टीआईआई की रिपोर्ट के मुताबिक लड़की ने कहा, 'मैंने अपनी दिशा में एक कार को आते देखा। मैंना सोचा कि कार की आड़ लेकर मैं खुद को सुरक्षित रखूं लेकिन साइकिल सवार पीछे से आया। उसने मेरे साथ छेड़छाड़ की और फिर भागने लगा। यह देखकर मैं थोड़ी देर सन्न रह गई। फिर मैंने उसे दौड़ाकर पकड़ा।'  रिपोर्ट में कहा गया है कि लड़की ने युवक को दौड़ाकर पकड़ा और उसे पीटा। वहां आस-पास मौजूद लोगों ने लड़की की मदद नहीं की। कुछ लोगों ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया। लड़की के साथ छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। 

मामले की जांच कर रही पुलिस
लड़की ने कहा, 'मैं यहां बीते छह सालों से रहती आ रही हूं लेकिन पहली बार मैंने असुरक्षित महसूस किया है। लोग सोचते हैं कि इस तरह की घटना करने के बाद वह बचकर निकल जाएंगे। हालांकि, व्यक्ति ने इस घटना के बाद अफसोस जताया। इस तरह का व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।'  रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच कर रही है।

अगली खबर