UP: बिजनौर में राष्ट्रीय स्तर की खो-खो खिलाड़ी की हत्या, रेप की आशंका, पुलिस कर रही जांच

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में राष्ट्रीय स्तर की खो-खो खिलाड़ी की हत्या हो गई है। शुक्रवार को पुलिस को शव मिला, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

bijnor
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है 

नई दिल्ली: 36 घंटे से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस को बिजनौर में 24 साल की राष्ट्रीय स्तर की खो-खो खिलाड़ी की हत्या के मामले में अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। शुक्रवार को शव बरामद कर लिया गया था और पुलिस अभी भी आरोपी व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि उसका यौन उत्पीड़न भी किया गया था, क्योंकि उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक रेप की धाराएं नहीं जोड़ी हैं। यूपी पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम में रेप की पुष्टि नहीं हुई है। दो महिला डॉक्टरों के एक बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया था।

पुलिस ने यह भी कहा कि शुरू में मामले की जांच रेलवे ने की थी लेकिन बाद में क्षेत्राधिकार के अनुसार स्थानीय पुलिस द्वारा जांच करने का फैसला किया गया। कोतवाली थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। एसपी सिटी के नेतृत्व में टीम मामले की जांच कर रही है।

महिला शुक्रवार सुबह करीब 11.30 बजे घर से निकली थी क्योंकि उसे एक स्कूल में फिजिकल ट्रेनिंग टीचर की नई नौकरी के लिए इंटरव्यू देना था। जब वह नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। एक पड़ोसी ने शव को उसके घर से करीब 100 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के सीमेंट ब्लॉक के बीच पाया। वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी और बेहोश थी। उसका एक दांत भी टूटा हुआ था और गले पर गला घोंटने के निशान थे। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। 

उसकी बहन ने कहा कि मेरी बहन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह एक शक्तिशाली महिला थी। यह एक से अधिक लोगों का काम है। इस मामले में गिरफ्तारी और न्याय की मांग करते हुए उसने अपनी बहन के साथ रेप या रेप के प्रयास का भी आरोप लगाया है। 

इस बीच रविवार सुबह तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। आसपास सीसीटीवी नहीं है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली थाने में हत्या (302 आईपीसी) की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है कि आरोपी को जान पहचान वाला हो सकता है और अज्ञात भी हो सकता है।
 

अगली खबर