15 साल की प्रेग्नेंट लड़की की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत, परिवार ने दफनाया, गिरफ्त में पिता

Bageshwar Rape murder: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में एक 15 साल की लड़की गर्भवती पाई जाती है। इसके बाद उसकी रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो जाती है। पुलिस जांच में सामने आया कि पिता ने ही उसे मारा।

body
लड़की के साथ रेप की आशंका 
मुख्य बातें
  • 15 साल की गर्भवती लड़की को उसके पिता ने ही मारा
  • परिवार से गांव वालों से कहा कि नाबालिग ने आत्महत्या कर ली
  • पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने शव को कब्र से निकाला

नई दिल्ली: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में एक 15 साल की लड़की की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। माना जाता है कि उसके साथ बलात्कार किया गया था। पोस्टमार्टम करने के लिए पुलिस ने शव को वापस कब्र से निकाला। हालांकि उसके परिवार ने दावा किया कि उसने आत्महत्या कर ली। बाद में सामने आया है कि नाबालिग की उसके पिता ने ही हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक नाबालिग 10वीं कक्षा की छात्र थी और जिले में अपने दादा-दादी के साथ रहता थी जबकि उसके माता और पिता अलग-अलग गांवों में रहते हैं। उसकी दादी उसे मंगलवार को पास के अस्पताल में ले गई जब उसने कहा कि वह असहज महसूस कर रही है। अस्पताल के चिकित्सकों ने पुष्टि की कि वह पांच महीने की गर्भवती है।

बेटी को डांटकर वापस चला गया पिता 

'हिंदुस्तान टाइम्स' से बात करते हुए पुलिस इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह ने कहा कि नाबालिग को रेफर किए गए अस्पताल में ले जाने के बजाय उसकी दादी उसे घर ले गई। बेटी के गर्भवती होने की खबर सुन पिता वहां पहुंचे और उसे डांटने के बाद वापस चले गए। यह सब करते हुए उन्होंने लड़की की मां को इस बारे में सूचित नहीं किया।

बेटी की मौत के बाद मां को पता चला

बुधवार की सुबह वह अपने दादा-दादी के घर में मृत पाई गई। इसके बाद परिवार ने उसे गुप्त रूप से दफना दिया। नाबालिग की मां को गुरुवार सुबह पूरी घटना के बारे में पता चला। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार के लिए सजा) और 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। 

पिता ने वापस आकर की हत्या 

पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट (DM) से अनुमति लेने के बाद नाबालिग के शव वापस निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने पिता से पूछताछ की जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह रात में लड़की के कमरे में गया और उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वो वापस चला गया। अगले दिन सुबह आकर उसने कहा कि उसकी लड़की ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ आईपीसी धारी 302 और 201 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ये भी जांच कर रही है कि नाबालिग के साथ किसने दुष्कर्म किया। 

अगली खबर