Delhi MCD Election: AAP ने लगाए भाजपा पर आरोप- हार के डर से बीजेपी ने टाले "दिल्ली निगम चुनाव"

Delhi MCD Election: दिल्ली एमसीडी इलेक्शन को लेकर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, AAP एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा-'दिल्ली निगम के चुनाव टालने के लिए इलेक्शन कमीशन को जेल में डालने की धमकी दी गई।'

durgesh pathak
AAP एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक  

नई दिल्ली: 'आप' (AAP) एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक (durgesh pathak) ने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है। हार के डर से बीजेपी ने स्टेट इलेक्शन कमिश्नर (State Election Commissioner) को जेल में डालने की धमकी देकर दिल्ली निगम चुनाव को टाला। बीजेपी पहले भ्रष्ट लोगों को अहम पदों पर बिठाती है, समय आने पर डरा-धमकाकर मनचाहा काम करवाती है।

प्रेसवार्ता में मौजूद ‘आप’ विधायक आतिशी ने कहा कि यह लोकतंत्र के अंत की शुरुआत है, हार के डर से आज निगम चुनाव टाला है, कल को राज्य के चुनाव टाल सकते हैं। यदि केंद्र यूनिफिकेशन चाहती है तो वह चुनाव के बाद भी संभव है, आज हम 3 हाउस में बैठते हैं, 6 महीनों बाद एक हाउस में बैठ सकते हैं। टी.एन शेषन जैसे लोग इस देश में चीफ इलेक्शन कमीशन रहे हैं। ऐसे लोग इलेक्शन कमीशन को इतनी ऊंचाई पर ले गए हैं कि इस पूरे देश, पूरी दुनिया में भारत के इलेक्शन कमीशन पर कभी कोई सवाल नहीं उठा सकता है। लेकिन आज इलेक्शन कमीशन की फ्री एंड फेयर इलेक्शन करवाने की जो योग्यता है, आज उसपर सवाल उठ रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक नेपार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। दुर्गेश पाठक ने कहा कि दिल्ली में एमसीडी के चुनाव होने वाले थे। 9 मार्च को शाम 5 बजे दिल्ली के इलेक्शन कमीशन ने मीडिया को बुलाया। हर जगह यही खबर थी कि वह इलेक्शन के कोड ऑफ कंडक्ट को निकाल चुके हैं। 9 मार्च को इलेक्शन की तय तारीख की घोषणा होने वाली थी। एस.के श्रीवास्तव आकर कहते हैं कि उन्हें थोड़ी देर पहले केंद्र सरकार से एक चिट्ठी मिली है, जिसमें कहा गया है कि वह तीनों एमसीडी को एक करना चाहते हैं, इसलिए फिलहाल इलेक्शन को टाल दिया जाए।

पंजाब के बाद AAP की नजरें अब हिमाचल प्रदेश पर, सत्‍येंद्र जैन बोले-सभी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

प्रेसवार्ता में यह भी कहा गया कि हालांकि यूनिफिकेशन का इलेक्शन से कोई लेना देना नहीं है, वह चाहें तो इलेक्शन करा सकते हैं। लेकिन अभी इसकी अनुमति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि 19 या 20 मई से पहले इलेक्शन कराए जा सकते हैं। लेकिन जिस तरह की खबरे आ रही हैं, ऐसा लग रहा है कि इलेक्शन कमीशन दिल्ली में एमसीडी के चुनाव केंद्र सरकार के दबाव में नहीं कराएगा।

भारतीय जनता पार्टी एमसीडी के चुनाव से भाग रही है क्योंकि उन्हें पता है कि 15 सालों के कार्यकाल में उन्होंने दिल्ली की जनता पर जो कहर ढाया है, उसके बाद उनकी हार निश्चित है। हमारा सर्वे, खुद बीजेपी के सर्वे, मीडिया का सर्वे यह कहता है कि 272 में से 250 से अधिक सीटें आम आदमी पार्टी जीत सकती है। दिल्ली में अगर एमसीडी के चुनाव हों, तो भाजपा को मुश्किल से 5-10 सीटें मिलेंगी। तो भारतीय जनता पार्टी चुनाव से भाग रही है। उन्होंने दिल्ली के स्टेट इलेक्शन कमिश्नर एस.के श्रीवास्तव पर चुनाव टालने का दबाव बनाया। बहुत विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि स्टेट इलेक्शन कमिश्नर के भ्रष्टाचार की फाइल पीएमओ ने बनाई हुई है। उन्हें बुलाकर डाराया धमकाया गया कि अगर आपने इलेक्शन नहीं टाले, तो आपको जेल में डाल दिया जाएगा। कमिश्नर ने डर में आकर चुनाव को टाल दिया।

यह पीएमओ का एक पुराना स्टाइल है। सबसे पहले वह लिस्ट बनाते हैं कि देश में कौन-कौन भ्रष्ट अधिकारी हैं। उनके भ्रष्टाचार की फाइल बनाते हैं और फिर उन अधिकारियों को अहम पदों पर भर्ती कर देते हैं। उसके बाद उन्हें धमकी देकर उनसे मनचाहा काम कराते हैं। इस देश को चलाने का एक विशेष स्टाइल बन चुका है। आज दिल्ली के इलेक्शन कमीशन को डराया जा रहा है। मैं एक ही चीज़ कहना चाहता हूं कि हमारा देश एक लोकतांत्रिक देश है। हमारे देश की आज़ादी और संविधान के लिए लाखों लोगों ने अपनी जान दी है। वह जेल में रहे हैं। ना जाने कितनी महिलाओं का सुहाग उजड़ गया, तब जाकर यह देश आज़ाद हुआ। अगर इस प्रकार भ्रष्ट अधिकारियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं में पोस्ट देने के बाद उन्हें धमकाकर असवेंधानिक काम कराएंगे तो यह देश नहीं बचेगा। यहां का लोकतंत्र नहीं बचेगा। अगर इस देश में चुनाव नहीं होंगे तो यहां भी तानाशाही की शुरुआती हो जाएगी। जिस प्रकार से औरंगज़ेब का शासन था, उसी प्रकार से प्रधानमंत्री का शासन पूर देश में चलेगा।

प्रेसवार्ता में उपस्थित कालकाजी विधानसभा से ‘आप’ विधायक आतिशी ने कहा कि जैसा कि हम सब जानते हैं  और हम सबको इस बात पर फक्र है कि भारत एक लोकतंत्र है। एक लोकतंत्र है, जहां जनता का शासन चलता है। एक लोकतंत्र है, जहां चाहे कोई अमीर हो या गरीब हो, चाहे किसी धर्म का हो या किसी जाति का हो, उसे 5 साल में एक बार वोट करने का मौका मिलता है। वह जिस पार्टी या जिस नेता को चाहे, उठाकर बाहर फेंक सकता है। वह जिस पार्टी या जिस नेता को चाहे, सरकार में ला सकता है। मुख्यमंत्री बना सकता है, मंत्री बना सकता है, प्रधानमंत्री बना सकता है, यह लोकतंत्र की ताकत है। भारत के इतिहास में जबसे भारत आज़ाद हुआ है, बहुत उतार चढ़ाव आए हैं। हमारे देश के इतिहास में काले अक्षरों से लिखा गया, लेकिन इमरजेंसी को छोड़कर भारत के लोकतंत्र पर आजतक कभी सवाल नहीं उठा।

Punjab :पंजाब के VIP कल्चर पर भगवंत मान की बड़ी चोट, कई पूर्व विधायकों, मंत्री और वीआईपी की सुरक्षा वापस

चाहे कोई भी सरकार रही हो, चाहे वह चर्चा में रही हो या नहीं रही हो, चुनाव हुए हैं। क्यों? क्योंकि भारत में जो इलेक्शन कमीशन नाम की संस्था है, वह हर प्रकार की राजनीति से ऊपर रही है। जबसे भारत आज़ाद हुआ है, तबसे ऐसा कभी नहीं हुआ है कि भारत जैसे बड़े और विविधतापूर्ण देश में चुनाव नहीं हो सकते हैं। लेकिन पिछले 75 सालों में भारत के लोकतंत्र ने पूरी दुनिया को जवाब दिया और तबसे यहां हर 5 सालों में चुनाव होता है। आजतक इलेक्शन कमीशन की फ्री एंड फेयर इलेक्शन करवाने की जो योग्यता है, उसपर कभी कोई सवाल नहीं उठा। टी.एन शेषन जैसे लोग इस देश में चीफ इलेक्शन कमीशन रहे हैं। ऐसे लोग इलेक्शन कमीशन को इतनी ऊंचाई पर ले गए हैं कि इस पूरे देश, पूरी दुनिया में भारत के इलेक्शन कमीशन पर कभी कोई सवाल नहीं उठा सकता है। भारत के लोकतंत्र पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है।

लेकिन आज दिल्ली में जो हो रहा है। दिल्ली के निगम चुनाव की घोषणा के कुछ समय पहले दिल्ली के इलेक्शन स्टेट कमिश्नर को डराया जाता है, धमकाया जाता है। जिसके बाद वह चुनाव को टाल देते हैं। आज इस देश के इतिहास में पहली बार देश के इलेक्शन कमीशन पर सावल उठ रहा है। जब 5 साल में चुनाव होने ही हैं, जब स्टेट इलेक्शन कमिश्नर एस.के श्रीवास्तव खुद प्रेसवार्ता में कहते हैं कि यूनिफिकेशन और चुनाव का कोई लेना-देना नहीं है। जब तीनों एमसीडी विभाजित हुईं, उससे पहले तो एक एकीकृत एमसीडी में चुनाव हुआ था। पहले एक हाउस में बैठते थे। लेकिन जब नया कानून पास हुआ, तब तीन अलग-अलग हाउस बन गए, तब भी चुनाव फिर से नहीं हुआ। आज भी अगर तीनों एमसीडी में अलग-अलग चुनाव हो जाएं और केंद्र सरकार यह सोचती है कि हम यूनिफाई करना चाहते हैं, तो जैसे आज हम तीन हाउस में बैठे हैं, 6 महीनों बाद एक हाउस में बैठ सकते हैं। तो स्वभाविक तौर पर यह कोई कारण नहीं है। कारण यह है कि भाजपा को पता है कि वह चुनाव हारने वाली है। इसलिए आज लोकतंत्र की धज्जियां उड़ रही हैं। 

मैं दिल्ली के स्टेट इलेक्शन कमिश्नर एस.के श्रीवास्तव से कहना चाहता हूं कि आज ना सिर्फ पूरी दिल्ली बल्कि पूरा देश आपको देख रहा है। आज इलेक्शन कमीशन की अखंडता पर सवाल उठा रहा है। आज देश के इतिहास में ऐसा समय आया है जहां लोग सोच रहे हैं कि यह इलेक्शन कमीशन फ्री एंड फेयर इलेक्शन करवाएगा कि वह केंद्र सरकार के, भारतीय जनता पार्टी के और पीएमओ के दबाव में आजाएगा। आज पूरा देश देख रहा है।

यदि आज स्टेट कमिश्नर एस.के. श्रीवास्तव पीएमओ के दबाव में आकर आज यह एमसीडी का चुनाव टाल देते हैं, तो श्रीवास्तव जी का नाम देश के लोकतंत्र में काले अक्षरों में लिखा जाएगा क्योंकि यह एक शुरुआत है। यह एक शुरुआत है, जब एमसीडी के चुनाव को रोका जा रहा है। क्या पता कल को अगर भाजपा कोई चुनाव हार रही हो, तो एक एक्सपेरिमेंट के तौर पर जैसे आज एमसीडी का चुनाव टालकर देख लिया है, कल किसी राज्य का चुनाव टल जाएगा। फिर क्या पता, लोकसभा का चुनाव हो और भाजपा हार रही हो, तो वह कहे कि हमें 2 राज्यों को एक करना है, इसलिए अभी चुनाव नहीं हो सकते हैं।

मैं आज स्टेट इलेक्शन कमिश्नर एस.के. श्रीवास्तव जी से कहना चाहती हूं कि हमारे देश के लोकतंत्र का क्या भविष्य होने वाला है, यह आपके आज के निर्णय से तय होगा। अगर एक बार आपने पीएमओ के दबाव में आकर, कंद्र सरकार के दबाव में आकर, उनकी धमकियों के दबाव में आकर, आज आपने चुनाव टाल दिए, तो आप सिर्फ एमसीडी का चुनाव नहीं टाल रहे हैं, आप इस देश के लोकतंत्र के अंत की शुरुआत कर रहे हैं। आज हमारे स्टेट इलेक्शन कमिश्नर एस.के. श्रीवास्तव से अपील है कि पूरा देश आपको देख रहा है कि क्या आप पीएमओ के दबाव में आएंगे या आप भारत के लोकतंत्र के इतिहास और भारत के इलेक्शन कमीशन के गौरवपूर्ण इतिहास को आगे बढ़ाएं और सारी धमकियां, सारे दबाव को पीछे छोड़ते हुए दिल्ली में एमसीडी का चुनाव कराएंगे।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर