दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 : 'अरविंद केजरीवाल जब चाहेंगे शाहीन बाग का रास्ता खुल जाएगा'  

Delhi Assembly Elections 2020 : केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शाहीन बाग में जारी प्रदर्शन पर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। प्रधान ने कहा कि केजरीवाल के चाहने पर शाहीन बाग का मार्ग खुल जाएगा।

Delhi assembly elections 2020 : 'अरविंद केजरीवाल जब चाहेंगे शाहीन बाग का रास्ता खुल जाएगा' , BJP says Whenever Kejriwal wants, Shaheen Bagh's road will be re-opened
सीएए के खिलाफ गत 15 दिसंबर से शाहीन बाग में जारी है धरना।  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • सीएए के खिलाफ गत 15 दिसंबर से शाहीन बाग में चल रहा है धरना
  • भाजपा का आरोप है कि शाहीन बाग धरने को है केजरीवाल का समर्थन
  • शाहीन बाग-कालिंदी कुंज मार्ग बंद होने से रोजाना यात्रियों को हो रही परेशानी

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शाहीन बाग में जारी धरने को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। प्रधान ने सोमवार को कहा कि केजरीवाल जब चाहेंगे शाहीन बाग का बंद पड़ा मार्ग खुल जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा की जीत पक्की है और दिल्ली की जनता शांति चाहती है, अराजकता नहीं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोग शाहीन बाग जैसा माहौल पसंद नहीं करेंगे।

प्रधान ने कहा, 'दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत पक्की है। दिल्ली के लोग शांति चाहते हैं, अराजकता नहीं। दिल्ली में शाहीन बाग जैसी स्थितियां पैदा करने वालों को यहां के लोग करारा जवाब देंगे। केजरीवाल जी जब चाहेंगे, शाहीन बाग का रास्ता खुल जाएगा।' 

बता दें कि दिल्ली चुनाव में शाहीन बाग एक चुनावी मुद्दा बन गया है। भाजपा का कहना है कि इस प्रदर्शन के पीछे कांग्रेस सहित विपक्षी दलों का हाथ है। पिछले दिनों में भाजपा की तरफ से कुछ वीडियो जारी किए गए हैं। एक वीडियो के बारे में भाजपा ने दावा किया कि शाहीन बाग में प्रदर्शन के लिए महिलाओं को पैसे दिया जा रहे हैं। 

बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ शाहीन बाग में गत 15 दिसंबर से प्रदर्शन चल रहा है। इस प्रदर्शन में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक है। शाहीन बाग-कालिंदी कुंज मार्ग बंद होने से बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी हो रही है। नोएडा से होकर दिल्ली आने वाले लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि यह मार्ग बंद होने से रोजाना करीब पांच लाख यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रहे लोग सरकार से सीएए वापस लेने की मांग कर रहे हैं।  

शाहीन बाग-कालिंदी कुंज मार्ग खुलवाने की जिम्मेदारी दिल्ली हाई कोर्ट ने पुलिस को सौंप दी है। कोर्ट ने पिछले दिनों अपने एक आदेश में पुलिस से कहा कि वह प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर कोई रास्ता निकाले। दिल्ली विस चुनाव में मुद्दा बन चुके शाहीन बाग पर राजनीतिक बयानबाजी भी खूब हो रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को रिठाला में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पूछा कि अरविंद केजरीवाल बताएं कि वह शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों के साथ हैं या नहीं?    

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर