Delhi Metro: मेट्रो सेवा बहाल होने से पहले कोविड-19 की चपेट में आए DMRC के 20 कर्मचारी 

20 staff members of DMRC tested COVID-19 positive: दिल्ली मेट्रो रेल कारोपेरेशन (डीएमआरसी) के करीब 20 कर्मचारी कोरोना से पॉजिटिव पाए गए हैं। दिल्ली में मेट्रो सेवा शुरू होनी है।

Delhi Metro : 20 staff members of DMRC have tested positive for COVID-19
दिल्ली में आने वाले दिनों में शुरू होने वाली है मेट्रो सेवा।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • राजधानी दिल्ली में रोजाना सामने आ रहे 1000 से ज्यादा कोरोना के मरीज
  • बीते 15 दिनों में कोविड-19 मरीजों एवं कंटेनमेंट जोन का संख्या दोगुनी हुई
  • दिल्ली में मेट्रो सेवा दोबारा शुरू करने की तैयारी में जुटी है डीएमआरसी

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमण की संख्या में तेजी से उछाल आने लगा है। राजधानी में मेट्रो सेवा बहाल होने से पहले दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (DMRC) के करीब 20 कर्मचारी कोविड-19 से पॉजिटिव पाए गए हैं। डीएमआरसी का कहना है कि इन सभी कर्मचारियों में कोरोना का लक्षण नहीं दिखा है और इनका इलाज जारी है। बता दें कि गृह मंत्रालय ने देश से चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन हटाने की घोषणा की है। इसे देखते हुए दिल्ली में मेट्रो के दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

मेट्रो सेवा बहाल करने के लिए इसके अधिकारी एवं कर्मचारी मेट्रो स्टेशन एवं कार्यालय आने लगे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई का कहना है कि दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले डीएमआरसी के करीब 20 कर्मचारी कोविड-19 की चपेट में आए हैं। गुरुवार को अपने एक ट्वीट में डीएमआरसी ने कहा, 'देश के बाकी हिस्सों की तरह डीएमआरसी भी कोविड-19 के खिलाफ जंग लड़ रही है। दिल्ली में मेट्रो सेवा दोबारा शुरू करने के लिए वापस ड्यूटी पर आकर डीएमआरसी के कर्मचारियों ने मिसाल पेश की है।'

दिल्ली में लॉकडाउन में मिली है काफी छूट
सरकार की ओर से अनलॉक-1 की घोषणा किए जाने के बाद दिल्ली में लॉकडाउन में और रियायत दी गई है। राजधानी में सार्वजनिक गतिविधियां जोर पकड़ने के बाद यहां कोरोना के मामलों में जबर्दस्त उछाल देखने को मिला है। पिछले बुधवार को यहां मुंबई से ज्यादा नए केस सामने आए है। गत दो महीनों में पहली बार दिल्ली में एक दिन में कोविड-19 के इतने मामले सामने आए। बुधवार को दिल्ली में कोरोना के 1513 केस जबकि मुंबई में 1276 मामले सामने आए। 

राजधानी में रोजाना मिल रहे 1000 से ज्यादा केस
दिल्ली में पिछले करीब एक सप्ताह से रोजाना 1000 से ज्यादा कोरोना के नए मामले आ रहे हैं। देश के शहरों में होने वाली वृद्धि में यह सबसे ज्यादा है। दिल्ली में कोविड-19 के 23,645 कंफर्म केस हैं इनमें से 9,500 मरीजों को उपचार के बाद ठीक कर दिया गया है। एक सप्ताह पहले तक दिल्ली में रोजाना 500 से 800 के बीच कोविड-19 के मामले आ रहे थे जबकि मुंबई में यह आंकड़ा औसतन 1200 के करीब था। मुंबई में एक दिन में कोविड-19 के 1750 मामले तक सामने आ चुके हैं।

दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़ी
हालांकि मुंबई में चक्रवाती तूफान निसर्ग के चलते कोरोना की जांच कराने के लिए कम लोग घरों से निकले हैं। राजधानी में कोविड-19 की संख्या में तेजी से हो रही वृद्धि को देखते हुए दिल्ली सरकार ने यहां आने वाले लोगों को एक सप्ताह तक खुद को घर में क्वरंटाइन में रखना अनिवार्य किया है। यही नहीं दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लगने वाले अपनी सीमा एक सप्ताह के लिए सील की है। बीत करीब पंद्रह दिनों में दिल्ली में कंटेनमेंट जोन और कोरोना मरीजों की संख्या दोगुनी हुई है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर