Delhi Metro E Auto: दिल्ली मेट्रो शुरू करेगी अपनी पहली ई-ऑटो सेवा, इस स्टेशन से होगी शुरुआत

Delhi Metro E Auto: दिल्ली मेट्रो जल्द ही अपनी पहली ई-ऑटो सेवा शुरू करने वाली है। इसकी शुरुआत द्वारका सेक्टर-9 से की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर 50 ई-ऑटो होंगे जिसे बाद में बढ़ाकर 136 किया जाएगा। दिल्ली मेट्रो की ओर से इस कदम का मकसद यात्रियों को अंतिम छोर तक सुविधा प्रदान करना है।

Delhi Metro E Auto
दिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए जल्द शुरू करेगी ई-ऑटो सेवा (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • ई-ऑटो सेवा की शुरुआत द्वारका सेक्टर-9 से की जाएगी
  • यात्रियों को मिलेगी अंतिम छोर तक सुविधा
  • प्रारंभिक तौर पर 50 ई-ऑटो होंगे जिसे बाद में बढ़ाकर 136 किया जाएगा

Delhi Metro E Auto: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले लोगों के लिए खास सुविधा शुरू करने वाली है। मेट्रो से बाहर निकलकर किसी दूसरी जगह जाने के लिए अब यात्रियों को पैदल नहीं चलना होगा, क्योंकि दिल्ली मेट्रो जल्द ही अपनी पहली ई-ऑटो सेवा शुरू करने वाली है। इस सेवा की शुरुआत फिलहाल दिल्ली के द्वारका सेक्टर-9 स्टेशन से की जाएगी। शुरुआत में 50 ई-ऑटो चलाए जाएंगे। दिल्ली मेट्रो की ओर से इस कदम का मकसद यात्रियों को अंतिम छोर तक सुविधा प्रदान करना है।

ई-ऑटो सेवा शुरू करने की जानकारी डीएमआरसी के अधिकारियों ने दी है। इससे पहले दिल्ली मेट्रो ने अपनी इलेक्ट्रिक फीडर बस सेवा शुरू की थी, लेकिन यात्रियों को अपने अंतिम छोर तक पहुंचने में दिक्कत बनी हुई थीं। साथ ही यात्री फीडर बस का इस्तेमाल भी कम कर रहे थे। जिसको ध्यान में रखते हुए अब ई-ऑटो सेवा शुरू की जाएगी।

फीडर बसें कम उपयोग और व्यावहारिक

इस बारे में डीएमआरसी प्रमुख विकास कुमार ने जानकारी देते हुए कहा है कि, दिल्ली में ई-ऑटो सेवा को जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसकी शुरुआत द्वारका सेक्टर-9 से की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर 50 ई-ऑटो होंगे जिसे बाद में बढ़ाकर 136 किया जाएगा। विकास कुमार ने कहा है कि, डीएमआरसी की ओर से चलाई गईं फीडर बसें यात्रियों को कम उपयोग और कम व्यावहारिक लगी हैं। इसलिए अब इन बसों का संचालन दिल्ली सरकार का परिवहन विभाग करेगा।

जरूरत के हिसाब से 663 ई-ऑटो सेवाओं शुरू

डीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार, इस योजना को अगस्त के पहले हफ्ते से शुरू किया जाएगा। इसके पहले चरण में द्वारका सेक्टर-9 से 136 ई-ऑटो चलाए जाएंगे। जबकि आने वाले चार महीने के अंदर दिल्ली मेट्रो के अलग-अलग स्टेशनों के लिए जरूरत के हिसाब से 663 ई-ऑटो सेवाएं शुरू की जाएंगी। ई-ऑटो के लिए मेट्रो स्टेशनों पर चार्जिंग प्वाइंट सहित अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। ई-ऑटो सेवा शुरू होने से लोगों को न केवल अंतिम छोर तक सुविधा मिलेगी बल्कि राजधानी में प्रदूषण भी कम होगा।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर