Delhi Metro: मेट्रो में चाहते हैं अपने मनमुताबिक बदलाव व सुविधा तो ऐसे दें अपना सुझाव, शुरु हो रहा सर्वे

Delhi Metro: दिल्‍ली मेट्रो सेवाओं व सुविधाओं में बदलाव और सुधार के लिए कल से “ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण-2022” का 8वां संस्करण शुरू करने जा रहा है। यह सर्वेक्षण 28 अगस्‍त तक चलेगा। इस सर्वेक्षण फार्म में यात्रियों से सात विषयों पर उनका फीडबैक मांगा जाएगा। हर विषय पर फीडबैक देने के लिए चार दिन का समय होगा।

Customer Satisfaction Survey 2022
दिल्‍ली मेट्रो कल से शुरू कर रहा ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण-2022  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • दिल्‍ली मेट्रो ने शुरू किया ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण-2022
  • कल से शुरू होकर 28 अगस्‍त तक चलेगा यह खास सर्वेक्षण
  • यात्री इस सर्वेक्षण में सात विषयों पर दे सकेंगे अपना फीडबैक

Delhi Metro: दिल्‍ली मेट्रो में सुविधाओं को बढ़ाने और बदलाव में भूमिका निभाने के लिए यात्रियों के पास बड़ा मौका है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) कल से यानी 1 अगस्त से 28 अगस्त 2022 तक “ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण-2022” का 8वें संस्करण का आयोजन करने जा रहा है। डीएमआरसी के इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य मेट्रो सेवाओं और सुविधाओं में विस्‍तार करने के लिए यात्रियों से मेट्रो सेवा के विभिन्न पहलुओं पर फीडबैक लेना है। इस सर्वे के दौरान लोगों से व्यापक प्रश्नावली के साथ अलग-अलग विषयों पर विस्तृत फीडबैक लिया जाएगा। साथ ही सर्वेक्षण कार्य में सुधार के लिए भी यात्रियों से सुझाव मांगे जाएंगे।

डीएमआरसी द्वारा इस सर्वेक्षण को लेकर दी गई जानकारी के अनुसार जो भी यात्री इस सर्वेक्षण में भाग लेना चाहते हैं, वे डीएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट www.delhimetrorail.com पर जाकर अपना फीडबैक दे सकते हैं। फीडबैक देने के लिए लोगों को सबसे पहले वेबसाइट के होम पेज पर जाना होगा। वहां पर सर्वेक्षण से जुड़े लिंक पर क्लिक करते ही एक फॉर्म ओपेन होगा। इसमें यात्री अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में से किसी भी भाषा में अपना फीडबैक दे सकेंगे।

इन पहलुओं पर यात्री दे सकेंगे अपना फीडबैक

डीएमआरसी अधिकारियों के अनुसार इस सर्वेक्षण फार्म में यात्रियों से सात विषयों पर फीडबैक मांगा जाएगा। जिसमें मेट्रो की उपलब्धता एवं सुगम्यता, ग्राहकों को उपलब्ध सुविधाएं, जानकारी, सेवाओं की गुणवत्ता, ग्राहक सेवा, मेट्रो का बाहरी क्षेत्र, सुरक्षा, संरक्षा एवं सुविधा शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार इस सर्वे में भागीदारों द्वारा उत्तर भरे जाने के लिए एक विषय के संबंध में सर्वेक्षण का लिंक वेबसाइट पर केवल चार दिन के लिए ही उपलब्ध रहेगा। इसके बाद फीडबैक के लिए अगला विषय उपलब्ध कराया जाएगा। चूंकि इस सर्वेक्षण में सात विषय को शामिल किया गया है। इसलिए यह सर्वेक्षण 28 दिन तक जारी रहेगा। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के अनुसार यात्रियों द्वारा मिले फीडबैक के आधार पर मेट्रो की सुविधाओं और सेवाओं का आकलन कर सुधार व बदलाव किया जाएगा।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर