AAP का दावा-हाउस अरेस्ट हैं सीएम केजरीवाल, दिल्ली पुलिस का इंकार

किसान संगठनों के आह्वान पर आज 'भारत बंद' है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने आप के आरोपों से इंकार किया है।

Delhi Police has put CM Arvind Kejriwal under house arrest : AAP
हाउस अरेस्ट हैं सीएम केजरीवाल : AAP का दिल्ली पुलिस पर आरोप। 
मुख्य बातें
  • आम आदमी पार्टी का दावा है कि दिल्ली पुलिस ने सीएम केजरीवाल को हाउस अरेस्ट किया है
  • दिल्ली पुलिस ने आप के दावे का खंडन किया है, डीसीपी नॉर्थ ने कहा कि हाउस अरेस्ट में नहीं हैं सीएम
  • किसानों के भारत बंद को आप ने दिया है समर्थन, सोमवार को सिंघु बॉर्डर जाकर किसानों से मिले थे केजरीवाल

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आप ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक पोस्ट में कहा है कि भाजपा की दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया है। किसी को भी उनके आवास पर जाने और वहां से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। आप का कहना है कि मुख्यमंत्री सोमवार को सिंघू बॉर्डर जाकर किसानों से मिले थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने यह कदम उठाया है। किसान संगठनों के आह्वान पर आज 'भारत बंद' है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने आप के आरोपों से इंकार किया है।

Bharat Bandh

आम आदमी पार्टी ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसानों के प्रदर्शन एवं 'भारत बंद' को अपना समर्थन दिया है। आप के आरोपों पर दिल्ली पुलिस ने जवाब दिया है। डीसीपी नॉर्थ एंतो अल्फोंसे ने कहा है कि आप और दूसरी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच किसी तरह की झड़प न हो, इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस की तैनाती की गई है। डीसीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री को हाउस अरेस्ट में नहीं रखा गया है। 

पुलिस अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री को हाउस अरेस्ट में रखने का दावा गलत है। उन्हें कानून के मुताबिक कहीं भी जाने का अधिकार है। दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री के आवास की एक तस्वीर भी साझा की है।

आप पार्टी के दावे पर भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने भी ट्वीट किया है। मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में बंद फ्लॉप हो गया है। पूरी दिल्ली खुली हुई है इसलिए उन्हें घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है। इसलिए दिल्ली पुलिस पर हाउस अरेस्ट का झूठा इल्जाम लगा रहे हैं।

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि सोमवार को जैसे ही सिंघु बॉर्डर पर किसानों से मिलकर केजरीवाल घर आए तो गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गकया। केजरीवाल भारत बंद के समर्थन में घर से बाहर ना निकलने पाएं इसलिये उन्हें गिरफ्तार किया गया।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर