Delhi MCD News: विश्वास नगर में नहीं रहेगा अब शाहदरा दक्षिण जोन का दफ्तर, दिल्ली की इस जगह होगा ट्रांसफर

Delhi News: शाहदरा दक्षिण जोन के दफ्तर को पटपड़गंज स्थानांतरित करने का फैसला किया गया है। यह दफ्तर वहां स्थित होगा जहां पहले पूर्ववर्ती पूर्वी दिल्ली नगर निगम का कार्यालय हुआ करता था। इस बात की जानकारी दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने दी है।

Shahdara South Zone Office News
दिल्ली एमसीडी  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • सारे नगर निगम दफ्तरों को मिलाकर एक किया जा रहा है
  • दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने दी जानकारी
  • विश्वास नगर से स्थानांतरित करने का निर्देश, लोगों को मिलेंगी कई सुविधाएं

Delhi MCD News: दिल्ली में इन दिनों नगर निगम एकीकृत किया जा रहा है। जिसमें कई सारे नगर निगम दफ्तरों को मिलाकर एक किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब शाहदरा दक्षिण जोन के दफ्तर को पटपड़गंज स्थानांतरित करने का फैसला किया गया है। अब तक शाहदरा दक्षिण जोन का दफ्तर विश्वास नगर में था।

यह दफ्तर वहां स्थित होगा जहां पहले पूर्ववर्ती पूर्वी दिल्ली नगर निगम का कार्यालय हुआ करता था। इस बात की जानकारी दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने दी है। उन्होंने बताया है कि दिल्ली के तीनों नगर निगमों का एकीकरण करने के बाद पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) का दफ्तर खाली हो गया था। 

ईडीएमसी ने सिविक सेंटर किया स्थानांतरित 

बीते महीने ईडीएमसी के अपने ज्यादातर कर्मचारियों और दफ्तरों के लिए सिविक सेंटर स्थानांतरित कर दिया गया था। जिसके बाद अब सिविक सेंटर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) का मुख्यालय बन चुका है। खबरों की मानें तो कुछ दिन पहले एमसीडी आयुक्त ज्ञानेश भारती ने पूर्ववर्ती ईडीएमसी के मुख्यालय भवन का दौरा किया था। इसके बाद उन्होंने शाहदरा दक्षिण जोन दफ्तर को विश्वास नगर से स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था।

दिल्ली के एकीकृत एमसीडी में 12 जोन

गौरतलब है कि दिल्ली के एकीकृत एमसीडी में 12 जोन हैं। इनमें शाहदरा उत्तरी, शाहदरा दक्षिण—पश्चिम, नजफगढ़ मध्य—दक्षिण, सिविल लाइन्स, सिटी-एसपी, करोल बाग, केशवपुरम, रोहिणी और नरेला शामिल हैं। वहीं शाहदरा दक्षिण जोन के दफ्तर के स्थानांतरण के लिए एमसीडी ने मंगलवार को आदेश जारी किए हैं। आदेश में संबंधित अधिकारियों से जोन के सभी विभागों को उनकी जरूरत के हिसाब से जल्द जगह आवंटित करने और उसे एमसीडी के कार्यकारी अभियंता-2 (भवन) को सौंपने के लिए कहा गया है।

जरूरत के हिसाब से लेनी होगी जगह

शाहदरा दक्षिण जोन के स्थानांतरण के आदेश में एमसीडी ने कहा है कि हर एक विभाग से उनकी जरूरत की जगह के बारे में जानकारी मिलने के बाद कार्यकारी अभियंता-2 (भवन) जोनल कार्यालय को पूर्ववर्ती ईडीएमसी के मुख्यालय में स्थानांतरित करने की तैयारी करेंगे। इसके साथ ही एमसीडी ने यह भी कहा है कि विभाग अपनी जरूरत को इस तरह से बताएं कि ताकि जोनल दफ्तर भवन के बाहर के काम कर रहे अन्य दफ्तरों को भी एक ही जगह पर जोड़ा जा सके।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर