'बाजीगर' के लिए शाहरुख खान नहीं बल्कि ये एक्टर थे पहली पसंद, इस वजह से रिजेक्ट कर दी थी फिल्म

शाहरुख खान की फिल्म बाजीगर साल 1993 में रिलीज हुई थी जिसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के लिए पहली पसंद शाहरुख खान नहीं थे।

Baazigar
Baazigar 
मुख्य बातें
  • साल 1993 में रिलीज हुई थी शाहरुख खान स्टारर फिल्म बाजीगर।
  • फिल्म के लिए शाहरुख खान नहीं थे पहली पसंद।
  • जानें किस एक्टर को ऑफर हुई थी फिल्म बाजीगर।

बॉलीवुड से जुड़े दिलचस्प किस्से और कहानियां अक्सर दर्शकों को उनके पसंदीदा सितारों के और करीब ला देते हैं। एक हालिया इंटरव्यू में बॉलीवुड की मशहूर निर्देशक जोड़ी अब्बास मस्तान ने किंग खान से जुड़ा एक ऐसा ही दिलचस्प किस्सा दोहराते हुए पुरानी यादें ताजा की। दिग्गज अभिनेता जितेंद्र की 1990 में रिलीज हुई अग्नीकाल के साथ अपना फिल्मी सफर शुरु करने वाले दोनों निर्देशक भाई अब्बास और मस्तान ने हिंदी सिनेमा को कई कमाल फिल्में दी हैं। 

लगभग 30 साल से इंडस्ट्री के अपने करियर में अब्बास मस्तान ने अजनबी बादशाह, बाजीगर, ऐतराज, रेस, रेस 2 आदि कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों का निर्देशन किया है। उन्होंने पिंकविला कल्ट क्रिएटर के इंटरव्यू में अपने शुरुआती दिनों और शाहरुख खान के बॉलीवुड का बाजीगर बनने के सफर की बात करने के साथ साथ कई दिलचस्प बातों का खुलासा किया।

Also Read: शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को फैन ने दिया गुलाब का फूल, स्टार किड ने दिया ऐसा रिएक्शन कि वायरल हुआ वीडियो

बाजीगर के लिए ये एक्टर थे पहली पसंद

क्या आप जानते हैं कि, बाजीगर फिल्म में अजय शर्मा के रूप में मुख्य भूमिका निभाने के लिए शाहरुख खान निर्देशकों की पहली पसंद नहीं थे। दरअसल फिल्म लीड के लिए सबसे पहले अनिल कपूर को अप्रोच किया गया था, लेकिन वे उस समय एक एंटी हीरो रोल नहीं निभाना चाहते थे। जिस वजह से शाहरुख को उनके दोस्त अमृत पटेल ने इस रोल के लिए रिकमेंड किया था। अमृत को यकीन था कि इस किरदार को अदा करने में वे जी जान लगा देंगे, उन्होंने शाहरुख के साथ फिल्म फौजी में काम किया था। इसके बाद ही निर्माता रतन जैन ने भी हामी भरी थी और शाहरुख को अजय शर्मा के रोल के लिए बुलाया गया था।  

फिल्म बाजीगर में शाहरुख की कास्टिंग से जुड़ा ही एक और किस्सा याद करते हुए ये निर्देशक जोड़ी बताती है कि, शाहरुख उन्हें किस तरह बार बार फिल्म की कहानी सुनाने को कह रहे थे। ताकि एक अभिनेता के तौर पर उन्हें पता चले कि निर्देशक को क्या चाहिए। लेकिन दोनों भाई इस बात पर डटे रहे कि उनका नरेशन इतना असरदार नहीं होगा। वे कहते हैं, “हमारा बुरा नरेशन सुनने के बाद भी, शाहरुख ने तुरंत कह दिया था कि वे ये फिल्म करने के लिए तैयार हैं। SRK कमाल थे, वे तभी समझ गए थे कि हमें इस फिल्म से क्या चाहिए।”

दर्शकों की प्रतिक्रिया देख रह गए थे हैरान

1993 में रिलीज हुई बाजीगर ने शाहरुख और अब्बास-मस्तान तीनों का ही जीवन पलट कर रख दिया था। फिल्म के रिलीज के बाद के पहले शो को याद करते हुए निर्देशक जोड़ी बताती है कि, फिल्म को जिस तरह की प्रतिक्रिया मिली उसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। खासतौर से कुछ सीन्स पर तो दर्शकों का उत्साह देखकर वे खुद हैरान रह गए थे। उन्होंने कहा, “जब शाहरुख ने शिल्पा के किरदार को बालकनी से फेंका था, तो दर्शकों की चीख से पूरा सिनेमाघर गूंज उठा था। और जब वे मौका-ए-वारदात से जाते हैं, तो उन्हें देखकर लोग उत्साह में ताली बजाने सीटी मारने लगे थे। हमने ऐसे रिएक्शन की बिल्कुल उम्मीद नहीं की थी। हमने तब लोगों के मन में शाहरुख के लिए दीवानगी देखी, वे कह रहे थे 'ये व्यक्ति सुपरस्टार है।'

शिल्पा शेट्टी और काजोल स्टारर बाजीगर फिल्म ही शाहरुख के अभिनय जीवन में एक रोमांचक मोड़ लाई थी। जिसके बाद शाहरुख ने कभी दोबारा पीछे मुड़कर नहीं देखा। बाजीगर के बाद शाहरुख ने डर, कभी हां कभी ना, करण अर्जुन, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे जैसी फिल्मों से इंडस्ट्री में धमाल मचा दिया था।

वर्कफ्रंट

पिछले दिनों इस जोड़ी ने कियारा आडवाणी स्टारर फिल्म मशीन पर काम किया था। बता दें कि फिल्म बहुत बुरी तरह से फ्लॉप हो गई है। लेकिन अब ये बॉबी देओल और अर्जुन रामपाल के साथ एक नई फिल्म पर काम कर रहे हैं। जिसके नाम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर