ऋषि कपूर ने एक नहीं बल्कि दो बार बचाई थी इस एक्ट्रेस की जान, 40 साल बाद एक्ट्रेस ने किया खुलासा

एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरी ने कई फिल्मों में दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर संग काम किया था। हाल ही में एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि ऋषि कपूर ने एक नहीं बल्कि दो बार उनकी जान बचाई थी।

Padmini Kolhapure and Rishi Kapoor
Padmini Kolhapure and Rishi Kapoor 
मुख्य बातें
  • दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर ने बचाई थी पद्मिनी कोल्हापुरी की जान।
  • 40 साल बाद एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरी ने खुद किया खुलासा।
  • जानें ऋषि कपूर ने कब और कैसे बचाई थी एक्ट्रेस की जान।

इंडियन आइडल 12 में इस हफ्ते एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरी और पूनम ढिल्लन गेस्ट के तौर पर नजर आएंगी, जहां वो अपनी लाइफ से जुड़ी कई खास बातें शेयर करेंगी। इस दौरान पद्मिनी कोल्हापुरी बताती हैं कि किस तरह दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर ने एक नहीं बल्कि दो बार उनकी जिंदगी बचाई थी। 

ऋषि कपूर ने दो बार बचाई जान

शो में एक्ट्रेस बताती हैं कि 'होगा तुमसे प्यारा कौन' गाने की शूटिंग के दौरान सेट पर आग लग गई थी और ऋषि कपूर ने उनकी जान बचाई थी। इसके बाद फिल्म प्रेम रोग के सेट पर भी आग लगी थी और ऋषि कपूर ने उन्हें बचाया। दिवंगत एक्टर के बारे में बात करते हुए पद्मिनी ने कहा, 'ऋषि जी ना केवल अच्छे एक्टर बल्कि अच्छे इंसान भी थी। वो हमेशा दूसरों की मदद करते थे और मुझे दो बार बचाया। मेरे मन में उनके लिए जो सम्मान था वो और बढ़ गया था। वो हमेशा हमारी दुआओं में रहेंगे।' बता दें कि फिल्म जमाने को दिखाना है 40 जबकि प्रेम रोग 39 साल पहले रिलीज हुई थी।

ऋषि के निधन को बताया था 'पर्सनल लॉस'

ऋषि कपूर के निधन के बाद पद्मिनी कोल्हापुरी ने एक इंटरव्यू में इसे निजी हानि (पर्सनल लॉस) बताया था। उन्होंने कहा था, 'उनके जैसा आर्टिस्ट, एक्टर और अच्छा इंसान ढूंढना बहुत मुश्किल है। ऋषि कपूर के बाद यह इंडस्ट्री शांत हो जाएगी। जिस तरह वो चीजों के बारे में सोशल मीडिया पर बोलते थे, टीवी पर आते थे.. हमेशा उनकी उपस्थिति महसूस हुई। अब लंबे समय तक इंडस्ट्री शांत हो जाएगी। मैं खाली महसूस कर रही हूं।'

मालूम हो कि दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया जिसमें प्रेम रोग, ये इश्क नहीं आसान, जमाने को दिखाना है और राही बदल गए जैसी फिल्में शामिल हैं। 

साल 2020 में निधन

बता दें कि साल 2018 में ऋषि कपूर को कैंसर हुआ था जिसके बाद वो इलाज के लिए न्यूयॉर्क चले गए थे। करीब एक साल तक न्यूयॉर्क में ऋषि कपूर का इलाज चला और इस दौरान उनकी पत्नी नीतू उनके साथ रहीं। ऋषि कपूर इलाज के बाद देश लौट आए। देश लौटकर ऋषि कपूर ने अपनी फिल्मों की शूटिंग भी शुरू कर दी थी लेकिन उन्हें फिर से कैंसर हो गया था जिसके चलते 29 अप्रैल की रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां अगली सुबह यानी 30 अप्रैलको उनका निधन हो गया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर