सरोज खान ने बनाया था माधुरी दीक्षित का करियर, 'धक धक' गर्ल के साथ ही किया आखिरी बार काम

Madhuri Dixit Career: सरोज खान ने माधुरी दीक्षित के कई गानों को कोरियोग्राफ कर उन्हें स्टार बनाया था। आखिरी बार भी धक धक गर्ल के साथ किया था काम।

Madhuri Dixit and Saroj Khan
Madhuri Dixit and Saroj Khan  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • सरोज खान का 72 साल की उम्र में निधन
  • सरोज खान ने माधुरी दीक्षित को बनाया था स्टार
  • माधुरी दीक्षित के कई सुपरहिट गानों को सरोज खान ने किया था कोरियोग्राफर

बॉलीवुड की जानी मानी कोरियोग्राफर सरोज खान का आज (शुक्रवार) निधन हो गया। सरोज खान पिछले करीब 40 साल से बॉलीवुड में काम कर रही थीं और इस दौरान उन्होंने करीब 2 हजार गानों को कोरियोग्राफ किया। उन्हें भारत की मदर ऑफ डांस/कोरियोग्राफी भी कहा जाता है।

माधुरी दीक्षित को बनाया स्टार

माधुरी दीक्षित के स्टार बनने के पीछे सरोज खान का बहुत बड़ा हाथ था। उन्होंने माधुरी के लिए ऐसे कई गाने कोरियोग्राफ किए जिन्होंने धमाल मचा दिया। माधुरी ने साल 1984 में फिल्म अबोध से बॉलीवुड डेब्यू किया जिसमें वो तापस पॉल के साथ नजर आईं, ये फिल्म फ्लॉप साबित हुई। इसके बाद माधुरी ने कुछ और फिल्में की जो फ्लॉप रहीं। इसके बाद साल 1988 में फिल्म तेजाब रिलीज हुई जिसमें माधुरी के साथ अनिल कपूर नजर आए, ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई। फिल्म के गाने 'एक दो तीन' को बहुत पसंद किया गया, जिसे सरोज खान ने ही कोरियोग्राफ किया था। 

17 दिन तक की थी इस गाने की तैयारी

एक इंटरव्यू में सरोज खान ने 'एक दो तीन' गाने और माधुरी के बारे में बात की थी और बताया था कि इसके लिए उन्होंने 17 दिन तक रिहर्सल की थी। सरोज खान ने बताया था, 'माधुरी ने गाने की ट्रेनिंग 10 दिन में पूरी कर ली थी और जब मैंने उसे जाने के लिए कहा कि अब मैं ग्रुप को सिखाऊंगी तो उसने इंकार कर दिया। माधुरी ने मुझे कहा कि मास्टर जी जब तक आपकी रिहर्सल चल रही है मैं यहां कोने में नाचती रहूंगी।'

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
A post shared by Saroj Khan (@sarojkhanofficial) on

माधुरी संग दिए ये सुपरहिट गाने

माधुरी को स्टार बनाने के पीछे सरोज खान को ही माना जाता है। सरोज खान ने माधुरी के कई सुपरहिट गानों को कोरियोग्राफ किया जिसमें साल 1994 में रिलीज हुई फिल्म अंजाम का गाना चने के खेत में, डोला रे डोला, धक धक, तम्मा तम्मा और चोली के पीछे क्या है जैसे गाने शामिल हैं। मालूम हो कि सरोज खान ने माधुरी को कई बार अपना फेवरिट स्टूडेंट बताया था। उन्होंने कहा था कि आज किसी भी एक्ट्रेस में वो माधुरी को नहीं देखतीं। 

आखिरी बार माधुरी दीक्षित संग किया काम

सरोज खान ने आखिरी बार करण जौहर की फिल्म कलंक के लिए काम किया था, जो पिछले साल रिलीज हुई थी। इस फिल्म के गाने तबाह हो गए को सरोज खान ने कोरियोग्राफ किया था, जिसमें माधुरी दीक्षित थीं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर