Who is Rihanna: कौन हैं किसानों के मुद्दे पर ट्वीट कर चर्चा में आईं रिहाना? देखें सिंगर की ये बोल्ड फोटोज

भारत में किसान आंदोलन पर ट्वीट करने के बाद रिहाना नाम चर्चा में आ गया है। क्या आप जानते हैं कि रिहाना कौन हैं? यहां जानें उनसे जुड़ी खास बातें।

Rihanna
Rihanna 
मुख्य बातें
  • कौन हैं रिहाना?
  • रिहाना ने हाल ही में भारत में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर ट्वीट किया था।
  • इस ट्वीट के बाद से रिहाना चर्चा में आ गई हैं।

इंटरनेशनल पॉप सिंगर रिहाना ने हाल ही में भारत में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर ट्वीट किया जिसके बाद वो चर्चा में आ गईं। रिहाना ने किसान आंदोलन से जुड़ी एक खबर को री-ट्वीट करते हुए लिखा, 'हम इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहे? #FarmersProtest'

रिहाना का ये ट्वीट वायरल हो गया है। इसे अब तक 2 लाख से ज्यादा बार रीट्वीट और साढ़े चार लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। आखिर कौन हैं रिहाना? जिनका एक ट्वीट हो गया इतना वायरल? रिहाना जानी मानी सिंगर, एक्ट्रेस और बिजनेसवुमन हैं जिनका जन्म 20 फरवरी 1988 को हुआ था। 

गा चुकी हैं कई गाने

साल 2005 में रिहाना की पहली स्टूडियो एल्बम 'म्यूजिक ऑफ द सन' और 'गर्ल लाइक मी' रिलीज हुई थी। इन दोनों को ही काफी पसंद किया गया और इन्होंने बिलबोर्ड 200 चार्ट में टॉप 10 में अपनी जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने कई सिंगल्स भी गाए जिसमें अंब्रेला, वर्क, ओनली गर्ल, डायमंड्स, वेयर हैव यू बिन, लॉयल्टी, लव ऑन द ब्रेन और यू दा वन जैसे गाने शामिल हैं। 

ये बिजनेस चलाती हैं रिहाना

रिहाना ना केवल सिंगर बल्कि जानी मानी बिजनेसवुमन भी हैं। साल 2011 में उन्होंने अपने पर्फ्यूम ब्रैंड की शुरुआत की। साल 2015 में उन्होंने ब्यूटी और स्टाइलिस्ट एजेंसी Fr8me की शुरुआत की। रिहाना यहीं नहीं रुकीं और इसके बाद उन्होंने फैशन ग्रुप LVMH के अंडर में फैशन ब्रैंड फेंटी की शुरुआत की। इसके अलावा वो फेंटी ब्यूटी, सेवेज एक्स फेंटी और फेंटी स्किन की भी शुरुआत की। 

इतनी है संपत्ति

न्यूयॉर्क के मैनहेटन में रिहाना का पेंटहाउस है जिसकी कीमत 14 मिलियन डॉलर (1,02,11,95,000) है। इसके अलावा साल 2018 में वेस्ट लंदन में उन्होंने अपने फेंटी फैशन लेबल के नजदीक करीब 70 करोड़ रुपये का घर खरीदा। मालूम हो कि 32 साल रिहाना अपने टैटू के लिए भी जानी जाती हैं। साल 2020 की फोर्ब्स की सबसे अमीर सेल्फ- मेड वुमन की लिस्ट में रिहाना ने अपनी जगह बनाई उनकी कुल संपत्ति 600 मिलियन डॉलर यानी  44,07,71,10,000 रुपये है।  

जीत चुकी हैं कई अवॉर्ड्स

रिहाना अब तक कई अवॉर्ड्स जीत चुकी हैं जिसमें 9 ग्रैमी अवॉर्ड्स, 13 अमेरिकन म्यूजिक अवॉर्ड्स, 12 बिलबोर्ड म्यूजिक अवॉर्ड और 6 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड शामिल हैं। सिंगिग के अलावा रिहाना एक्टिंग में भी अपना हाथ आजमा चुकी हैं। साल 2012 में उनकी डेब्यू फिल्म बैटलशिप रिलीज हुई थी। इसके अलावा वो सिटी ऑफ ए थाउजैंड प्लैनेट्स और औशन्स 8 में भी काम कर चुकी हैं। इंस्टाग्राम पर रिहाना के 90 मिलियन जबकि ट्विटर पर 101 मिलियन फॉलोअर्स हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर